Harsh firing: बच्चे के बर्थ-डे पर तमंचों से ताबड़तोड़ फायरिंग, खुद ही वीडियो बनाकर कर दी वायरल Meerut News
बच्चे के जन्मदिन पर तबातोड़ हर्ष फायरिंग कर दी। और खुद ही वीडियो को ट्वीटर को सोशल मीडिया पर डाल दिया। तीन को गिरफ्तार तो किया गया पर सख्त कार्रवाई नहीं हुई।
मेरठ, जेएनएन। दौराला क्षेत्र के गांव साधुओं की नगली में बच्चे के बर्थ-डे पर तमंचों से फायरिंग के बीच केक काटा गया। इसका वीडियो बनाकर वायरल किया गया। ट्विटर पर वीडियो अपलोड हुआ तो पुलिस ने छह लोगों को नामजद करते हुए तीन को गिरफ्तार कर लिया। उनसे तमंचे भी बरामद कर लिए हैं।
सीओ दौराला जितेंद्र कुमार के मुताबिक फायरिंग के तीन आरोपित छोटू उर्फ नितिन, अंकित निवासीगण बहादुरगढ़ दौराला और कौशिंद्र निवासी साधुओं की नगली को गिरफ्तार कर लिया। छात्र नेता विकल सागर और सोमेंद्र गुर्जर की तलाश की जा रही है।
केक कटा...फिर धांय धांय
27 मई को कौशिंद्र के बेटे का जन्म दिन था। उसने दोस्तों को बुलाया। केक काटने के दौरान सभी ने अंटी से तमंचा निकालकर ताबड़तोड़ फायरिंग की। इसके बाद फायरिंग का वीडियो भी बनाकर वायरल किया।
एक से दो हजार में मिलता है तमंचा
सूत्रों का कहना है कि जिले में तमंचा फैक्ट्री चल रही है। एक से दो हजार रुपये में आसानी से तमंचा उपलब्ध है। सीओ दौराला के मुताबिक, आरोपितों ने बताया कि एक हजार रुपये में किठौर क्षेत्र से तमंचे खरीदे थे। अहम बात यह कि सभी आरोपित पढ़ाई करने वाले हैं।
किसने दी विकल सागर को शरण
आरोपितों की गिरफ्तारी के बाद सत्ताधारी दल के विधायक का फोन भी अफसरों के पास आने लगा। माना जा रहा है कि विकल सागर को भी सत्ता पक्ष के नेताओं ने ही शरण दी है। यही कारण है कि पुलिस तीन आरोपितों को पकड़ नहीं पाई है।
खुलेआम फायरिंग कर रहे, तब भी 307 का मुकदमा नहीं
हर्ष फायरिंग पर डीजीपी से प्रमुख सचिव गृह ने जानलेवा हमले में मुकदमा दर्ज करने के आदेश दिए हैं। बावजूद, सत्ता के दबाव में पुलिस आरोपितों पर 307 में कार्रवाई नहीं कर पाई। पुलिस ने सभी आरोपितों के खिलाफ लॉकडाउन उल्लंघन एवं लापरवाही का मुकदमा दर्ज किया है। इन मामलों में आरोपितों को बाहर से ही आसानी से जमानत मिल जाएगी। माना जा रहा है कि पुलिस ने आरोपितों को लाभ पहुंचाने के लिए कार्रवाई की है।
इन्होंने कहा-
आरोपों की जांच के बाद मुकदमे में धाराएं बढ़ाई जाएंगी। किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस पड़ताल कर रही है कि आरोपितों ने तमंचे कहां से खरीदे थे। तमंचा बेचने वालों को भी कार्रवाई के दायरे में लाया जाएगा। -अजय साहनी, एसएसपी