बागपत में बोले केंद्रीय मंत्री संजीव बालियान- सपा सरकार में थानों में बैठते थे हाजी
बागपत के रमाला में आयोजित चौपाल में पहुंचे केंद्रीय राज्य मंत्री ने कृषि कानूनों की दी जानकारी दी। कहा कि कृषि कानून किसानों के फायदे में हैं। भाजपा सरकार में एक भी घोटाला नहीं हुआ है जबकि समाजवादी पार्टी की सरकार में चोरी डकैती राहजनी होती थी।
बागपत, जेएनएन। रमाला स्थित जय पार्वती ग्लोबल स्कूल में आयोजित ग्राम चौपाल कार्यक्रम में केंद्रीय राज्य मंत्री संजीव बालियान ने कहा कि कृषि कानून किसानों के फायदे में हैं, लेकिन कुछ लोग बेवजह विरोध कर रहे हैं।
संजीव बालियान ने कहा कि भाजपा सरकार में एक भी घोटाला नहीं हुआ है, जबकि समाजवादी पार्टी की सरकार में चोरी, डकैती, राहजनी होती थी। यही नहीं थानों में हाजी बैठते थे, लेकिन भाजपा सरकार में ऐसा नहीं हो रहा है। कृषि कानून किसानों के फायदे में हैं। यहां गन्ने की कांट्रेक्ट फार्मिंग होती है, लेकिन किसी भी गन्ना किसान की भूमि नहीं छीनी गई है। विरोधी किसानों को बहका रहे हैं। मुख्यमंत्री योगी ही गन्ने के भाव बढ़ाएंगे। उन्होंने कहा कि हमारा बाबा चौधरी चरण सिंह हैं। चरण सिंह व राजेश पायलट की मूर्ति लगवाने का काम भी हम ही करेंगे। शामली विधायक तेजेंद्र निरवाल ने कहा कि किसानों में कृषि कानूनों को लेकर फैलाई जा रही भ्रांतियों को दूर करने के लिए इस तरह की चौपाल का आयोजन किया जा रहा है। किसानों को भाजपा ने क्रेडिट कार्ड दिया है और अब सब कुछ डिजिटल हो रहा है। बुढ़ाना विधायक उमेश मलिक ने कहा कि किसान नाम को विपक्षी बदनाम कर अपनी राजनैतिक रोटियां सेंक रहे हैं। विधायक सहेंद्र सिंह रमाला ने कहा कि विपक्ष के लोग किसानों के झूठे हितैषी बनने का प्रयास ना करें। मास्टर मांगेराम की अध्यक्षता व सतेंद्र पंवार के संचालन में आयोजित चौपाल में भाजपा के क्षेत्रीय अध्यक्ष मोहित बेनिवाल, विधायक केपी मलिक, विधायक योगेश धामा, जिलाध्यक्ष सूरजपाल, डाक्टर अमित राणा, पूर्व विधायक लोकेश दीक्षित, डाक्टर नीरज कौशिक, सरिता चौधरी, वेदपाल उपाध्याय, प्रदीप ठाकुर, जसवीर सोलंकी, संजीव खोखर, अरविंद, सचिन आदि मौजूद रहे।