सोना लूट: गुणाभाग में घट गया सोना, सवा 10 किलो की लूट बताई
मेरठ बेगमपुल पर मणप्पुरम गोल्ड लोन की ब्रांच से सरेशाम सोना लूटने के मामले में नया मोड़ आ गया
मेरठ: बेगमपुल पर मणप्पुरम गोल्ड लोन की ब्रांच से सरेशाम सोना लूटने के मामले में नया मोड़ आ गया है। रातों-रात गुणाभाग में सोना घट गया। जो कर्मचारी पहले साढ़े पन्द्रह किलोग्राम सोने की लूट बता रहे थे, एफआइआर में वह सोना घटकर करीब सवा 10 किलो रह गया। पुलिस ने ब्रांच मैनेजर की तहरीर पर देर रात मुकदमा दर्ज कर लिया। वहीं, लुटेरे दूसरे दिन भी पुलिस के हत्थे नहीं चढ़ सके। पुलिस दिन भर ब्रांच कर्मचारियों व संदिग्धों से पूछताछ करती रही।
गुरुवार शाम 6.10 बजे अपाचे बाइक पर आए दो बदमाशों ने बेगमपुल स्थित मणप्पुरम गोल्ड लोन की ब्रांच पर धावा बोल दिया था। बदमाश ब्रांच मैनेजर और दो महिलाकर्मियों को गन प्वाइंट पर लेकर लॉकरों में रखे सोने के जेवर लूटकर फरार हो गए थे। बदमाश जिस बैग में सोना भरकर ले गए, उसमें जीपीएस सिस्टम लगा था। लोकेशन मिलने पर देर रात सामने आया कि वंडर सिटी निवासी धूमसिंह व उसके बेटे भगत सिंह तालियान ने साथियों संग वारदात को अंजाम दिया था। धूम सिंह हिस्ट्रीशीटर है और उसका बेटा पार्षद का उम्मीदवार रह चुका है। घेराबंदी के बावजूद आरोपित पिता-पुत्र हत्थे नहीं चढ़ सके।
ब्रांच कर्मियों व अधिकारियों के बयानों में अंतर
घटना के बाद ब्रांच मैनेजर सचिन तोमर ने करीब साढ़े 15 किलो सोना लुटने की बात कही थी। गुरुवार देर रात तक पुलिस भी सोने की सही मात्रा नहीं बता सकी। कहना था कि ब्रांच के कर्मचारी अभी गुणाभाग कर रहे हैं। अभी डिटेल नहीं दी है। शुक्रवार को कंपनी के पीआर सेल के लियाकत ने भी लूटे गए सोने की सही जानकारी से इन्कार कर दिया। वहीं, रात नौ बजे पुलिस ने बताया कि गुरुवार देर रात ही मुकदमा दर्ज कर दिया गया है। ब्रांच मैनेजर ने 10 किलो 298 ग्राम सोने के जेवर लुटना बताया है।
ग्राहक उमड़े, छुंट्टी पर गया कर्मचारी बुलाया
सोना लूट की जानकारी लगने पर ग्राहकों का शुक्रवार सुबह मणप्पुरम गोल्ड लोन ब्रांच पर जमावड़ा लग गया। सभी अपने आभूषणों को लेकर चिंतित थे। ब्रांच के अधिकारियों ने उन्हें उनकी अमानत सुरक्षित होने का आश्वासन दिया। इसके बाद बाहर से आए कंपनी के अधिकारियों व पुलिस ने कर्मचारियों से लंबी पूछताछ की। छुंट्टी पर गए कर्मचारी ¨रकू को भी बुला लिया गया।
इन्होंने कहा ..
ब्रांच मैनेजर की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। उन्होंने केल्कुलेशन करने के बाद ही सोने की मात्रा बताई है।
देवेश शर्मा, इंस्पेक्टर लालकुर्ती