सोतीगंज में गौतमबुद्धनगर पुलिस की दबिश, व्यापारियों का हंगामा
सोतीगंज में रविवार दोपहर को गौतमबुद्धनगर की पुलिस ने दबिश दी। इस दौरान दो पुलिसकर्मी वर्दी में थे। उनके साथ मौजूद चार-पांच पुलिसकर्मी बिना वर्दी के थे। टीम ने स्थानीय थाने में भी आमद दर्ज नहीं कराई थी।
मेरठ, जेएनएन। सोतीगंज में रविवार दोपहर को गौतमबुद्धनगर की पुलिस ने दबिश दी। इस दौरान दो पुलिसकर्मी वर्दी में थे। उनके साथ मौजूद चार-पांच पुलिसकर्मी बिना वर्दी के थे। टीम ने स्थानीय थाने में भी आमद दर्ज नहीं कराई थी। स्थानीय व्यापारियों ने इसका विरोध करते हुए हंगामा कर दिया, जिसके बाद टीम लौट गई।
रविवार दोपहर को एक स्कॉर्पियो सोतीगंज चौराहे के पास आकर रुकी। उसमें से एक दारोगा सनी जावला और एक सिपाही वर्दी में और चार-पांच लोग बिना वर्दी के उतरे। पैदल ही वह मस्जिद के ओर चल दिए और लोगों ने पूछताछ कर रहे थे। इस पर व्यापारियों ने उनसे जानकारी की तो पता चला कि उन्होंने स्थानीय थाने में भी दबिश की सूचना नहीं दी। इसका दुकानदारों ने विरोध करते हुए हंगामा कर दिया। इसके बाद टीम सदर बाजार थाने पहुंची और आमद दर्ज कराकर लौट गई। एसएसआइ महेश शर्मा ने बताया कि गौतमबुद्धनगर की टीम सलमान पुत्र आमिर की तलाश में आई थी। वह नहीं मिला तो लौट गई। गौतमबुद्धनगर में दर्ज किसी मामले में वह उसकी तलाश में आई थी।
सॉफ्टवेयर इंजीनियर की मां से घर के बाहर लूटपाट
मेरठ। प्रभात नगर में बाइकर्स गैंग ने कहर बरपा रखा है। एक सप्ताह में चेन और पर्स लूट की तीसरी घटना हुई है। रविवार को शादी समारोह से लौटी सॉफ्टवेयर इंजीनियर की मां से घर के बाहर चेन लूट ली गई। विरोध करने पर महिला को जान से मारने की धमकी देकर घसीटा गया।
सिविल लाइन के प्रभात नगर निवासी बिजली विभाग से रिटायर्ड इंजीनियर आरबी सिंह का बेटा रितेश अमेरिका में सॉफ्टवेयर इंजीनियर है। प्रभात नगर में रितेश की मां सावित्री देवी और बहन रहती हैं। रविवार को सावित्री देवी एक शादी समारोह से घर लौट रही थी। घर के गेट पर आकर खड़ी हुई। तभी पीछे से आए बाइक सवार बदमाशों ने महिला की चेन पर झपट्टा मारा। बुजुर्ग होने के बाद भी महिला ने लूट का विरोध किया। बदमाशों ने महिला का हाथ पकड़कर घसीटा। जमीन पर गिर जाने से महिला को चोट भी आई। इसी बीच भीड़ ने बदमाशों की घेराबंदी करने की कोशिश की, लेकिन बदमाश गलियों के रास्ते फरार हो गए। सूचना के बाद सिविल लाइन पुलिस मौके पर पहुंची। आसपास के सीसीटीवी फुटेज देखी गई। उसके बाद बदमाशों की तलाश में कांबिंग की। मोहल्ले के लोगों का कहना है कि एक सप्ताह में चेन और पर्स लूट की तीसरी घटना है। पुलिस की फैंटम सूचना के बाद पहुंचकर चक्कर लगाकर लौट जाती है। एसपी सिटी अखिलेश नारायण सिंह ने बताया कि महिला की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर बदमाशों की तलाश की जाएगी।