स्मृति दिवस कार्यक्रम में स्वतंत्रता सेनानी वंशजों को किया गया सम्मानित Meerut News
स्मृति दिवस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि ने 50 स्वतंत्रता सेनानी वंशजों को शॉल और माला पहनाकर सम्मानित किया। इस दौरान ने बच्चों ने भी अपनी प्रस्तुति दी।
मेरठ, जेएनएन। जिला स्वतंत्रता संग्राम सेनानी परिषद के तत्वाधान में रविवार को नेताजी सुभाष चंद्र बोस के साथ रहे आजाद हिंद फौज के स्वतंत्रता संग्राम सेनानी स्वर्गीय लेफ्टिनेंट महेंद्र पाल सिंह चौहान की याद में स्मृति दिवस कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ प्रथम क्रांति स्थल श्री बाबा औघड़नाथ मंदिर मेरठ के हाल में सुबह 11:00 बजे हुआ। सबसे पहले सभी ने स्वर्गीय लेफ्टिनेंट महेंद्र पाल सिंह चौहान को श्रद्धांजलि अर्पित की।
ये अतिथि रहे मौजूद
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि राज्यसभा सदस्य ठाकुर विजय पाल सिंह तोमर व विशिष्ट अतिथि कैंट विधायक सत्य प्रकाश अग्रवाल रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ सोफिया स्कूल की कसक ने वंदेमातरम से किया। कार्यक्रम में कवि मनोज कुमार मनोज ने अपनी देशभक्ति की कविता सुनाकर सबको देश के प्रति उत्साहित कर दिया।
सामूहिक नृत्य का आयोजन
कार्यक्रम में मुक्ता आकाश स्कूल, ज्ञानोदय संस्था, ब्लॉसम स्कूल के बच्चों ने सामूहिक नृत्य की प्रस्तुति की। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि ने 50 स्वतंत्रता सेनानी वंशजों को शॉल और माला पहनाकर सम्मानित किया। आयोजन में समिति के अध्यक्ष डॉ महेश बंसल व महामंत्री सतीश कुमार सिंघल व परिषद की वरिष्ठ उपाध्यक्ष महेंद्र कुमारी चौहान का विशेष योगदान रहा।
पौधे देकर किया सम्मानित
मुख्य अतिथि ने महेंद्र कुमारी चौहान को शॉल व माला पहनाकर सम्मानित किया। इस अवसर पर सभी अतिथियों को पौधे प्रदान किए गए तथा समाजसेवियों को पौधे देकर उनको सम्मानित भी किया गया। इसके साथ ही बच्चों में देशभक्ति की भावना के लिए देशभक्ति की कविताओं की प्रतियोगिता भी कराई गई। अध्यक्षता महेंद्र कुमारी व संचालन सुनील शर्मा ने किया।