बुलंदशहर शराब कांड में मुख्य आरोपित कुलदीप गिरफ्तार, अबतक पांच की हुई है मौत, नौ की हालत गंभीर
बुुुुुुुुुुुलंदशहर में शराबकांड का मुख्य आरोपित कुलदीप को गिरफ्तार कर लिया गया। शेष दो आरोपितों की तलाश जारी है। अबतक इस मामले में पांच की मौत हो चुकी है। जिनका शाम को अंतिम संस्कार कर दिया गया। अभी नौ लोगों की हालत नाजुक बताई जा रही है।
बुलंदशहर, जेएनएन। Bulandsahar Hooch Incident: थाना सिकंदराबाद के जीतगढ़ी गांव में गुरुवार रात जहरीली शराब पीने से शुक्रवार सुबह पांच लोगों की मौत हो गई। 19 लोगों को गंभीर हालत में बुलंदशहर, दिल्ली के सरकारी व निजी अस्पतालों में भर्ती कराया गया। इसमें नौ की हालत नाजुक है। मंडलायुक्त अनीता सी मेश्राम, आइजी प्रवीण कुमार, डीएम रविंद्र कुमार व एसएसपी संतोष कुमार सिंह ने गांव पहुंचकर मृतक व बीमार लोगों के स्वजन से जानकारी ली। गांव में ही तैयार की गई शराब तीन लोगों ने बेची थी। घटना के लिए तीन लोगों को नामजद किया गया है। शराब कांड का मुख्य आरोपित कुलदीप को गिरफ्तार कर लिया। पोस्टमार्टम के बाद देर रात पांचों शवों का अंतिम संस्कार कर दिया गया। इन सभी पर रासुका चलाई जाएगी।
गुरुवार शाम जीतगढ़ी गांव निवासी 35 वर्षीय सतीश, 40 वर्षीय कलुआ, 45 वर्षीय सरजीत, 60 वर्षीय सुखपाल और 55 वर्षीय पन्ना लाल समेत 24 लोगों ने गांव में एक युवक से शराब खरीदी थी। शराब पीने के बाद सभी अपने घर जाकर सो गए थे। आधी रात इन सभी की हालत बिगडऩे लगी। स्वजन तत्काल उन्हें लेकर अस्पताल पहुंचे, जहां सतीश, कलुआ, रंजीत, सुखपाल व पन्नालाल ने दम तोड़ दिया। पांच लोगों की मौत से जिला मुख्यालय से लेकर लखनऊ तक हड़कंप मच गया। ग्रामीणों ने बताया, शराब गांव के तीन लोगों ने बेची थी। खरीदी गई शराब का पव्वा भी दिखाया। मंडलायुक्त अनीता सी मेश्राम व आइजी प्रवीण कुमार ने भी जिला अस्पताल पहुंचकर अजय, संजय, भगवत व ऋषिपाल से बात की। उन्होंने बीमार ग्रामीणों के बेहतर उपचार के आदेश दिए। गांव जाकर भी मंडलायुक्त व आइजी ने मृतक स्वजन से जानकारी की।
आसपास के गांव में कराई जानकारी
जीतगढ़ी में शराब से पांच लोगों की मौत के बाद शुक्रवार पूरे दिन आसपास के गांवों में प्रशासन-पुलिस अधिकारियों ने जानकारी कराई। पता लगाया गया कि कोई शराब पीकर बीमार तो नहीं हुआ है। इंटरनेट मीडिया पर भी मैसेज भेजकर लोगों से जानकारी मांगी गई।
पुलिस व आबकारी इंस्पेक्टर सहित आठ निलंबित
जहरीली शराब कांड के बाद एसएसपी ने इंस्पेक्टर सिकंदराबाद दीक्षित त्यागी, चौकी इंचार्ज अनोखेपुरी, सिपाही विपिन कुमार और वीरपाल सिंह को निलंबित कर दिया। इसके अलावा आबकारी आयुक्त ने आबकारी इंस्पेक्टर प्रभात वर्धन, सिपाही सलीम अहमद, श्रीकांत सोम सहित चार को निलंबित किया है। शासन ने देर शाम जिला आबकारी अधिकारी संजय त्रिपाठी, उपायुक्त सुरेश चंद पटेल, संयुक्त आबकारी आयुक्त राजेशमणि त्रिपाठी को लखनऊ मुख्यालय से अटैच कर दिया है।
रेक्टिफाइड केमिकल से बनाई गई थी शराब
जहरीली शराब को डिस्टलरी की बोतल में पैक करने की बात सामने आई है। आबकारी विभाग की मानना है कि शराब बनाने में रेक्टिफाइड केमिकल का प्रयोग किया गया है। ग्रामीणों की मानें हरियाणा व पंजाब से कुछ लोग गाडिय़ों में यहां शराब लेकर गांव आते थे।
इनका कहना है...
शराब पीने से हुई मौत के बाद प्रथमदृष्टया लापरवाही मानते हुए इंस्पेक्टर सहित चार को निलंबित कर दिया है। वादी देवीप्रसाद ने कुलदीप सिंह, मुक्तेश कुमार और यादराम को नामजद किया है। कुलदीप को गिरफ्तार कर लिया है। इन सभी पर रासुका व गैंगस्टर एक्ट की कार्रवाई की जाएगी।
-संतोष कुमार सिंह, एसएसपी।