लॉकडाउन का उल्लंघन करने पर पुजारी समेत चार पर मुकदमा
रविवार सुबह लॉकडाउन के बीच कुछ लोग जैन मंदिर में पूजा करने पहुंच गए। स्थानीय निवासियों ने लालकुर्ती थाना पुलिस को सूचना दी। इस दौरान काफी देर तक गहमा-गहमी होती रही। बाद में पुलिस ने पुजारी समेत चार लोगों के खिलाफ लॉकडाउन उल्लंघन का मुकदमा दर्ज कर लिया।
मेरठ, जेएनएन। रविवार सुबह लॉकडाउन के बीच कुछ लोग जैन मंदिर में पूजा करने पहुंच गए। स्थानीय निवासियों ने लालकुर्ती थाना पुलिस को सूचना दी। इस दौरान काफी देर तक गहमा-गहमी होती रही। बाद में पुलिस ने पुजारी समेत चार लोगों के खिलाफ लॉकडाउन उल्लंघन का मुकदमा दर्ज कर लिया।
लालकुर्ती थाना क्षेत्र के तोपखाना में जैन मंदिर है। रविवार सुबह स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी कि कुछ लोग मंदिर में पूजा कर रहे हैं। शारीरिक दूरी का भी ख्याल नहीं रखा जा रहा है। थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई। काफी देर तक गहमा-गहमी होती रही। थाना प्रभारी दिलीप शर्मा ने बताया कि तोपखाना निवासी पुजारी नरेंद्र कुमार जैन, रजबन निवासी श्याम लाल, भरत जैन और असौड़ा हाउस निवासी शुभम जैन के लिए लॉकडाउन उल्लंघन व महामारी एक्ट के तहत रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। वहीं, ब्रह्मापुरी के साथ ही नौचंदी और टीपीनगर थाने में भी बेवजह बाहर घूमने वालों के खिलाफ लॉकडाउन उल्लंघन का मुकदमा दर्ज किया गया है। एसपी सिटी डा. अखिलेश नारायण ने बताया कि लॉकडाउन का सख्ती से पालन कराया जा रहा है। नियमों को तोड़ने वालों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की जा रही है। लावड़ में 79 हुई क्वारंटाइन लोगों की संख्या
मेरठ : पंजाब व हरियाणा से शनिवार दोपहर को पहुंचे 59 कामगारों के बाद देर रात 20 और मजदूर लावड़ पहुंचे, जिन्हें क्वारंटाइन किया गया। लावड़ में क्वारंटाइन लोगों की कुल संख्या अब 79 हो गई। प्रशासन ने कस्बे के राष्ट्रीय इंटर कॉलेज में बने क्वारंटाइन सेंटर में सभी कामगारों को क्वारंटाइन किया। वहीं शनिवार देर रात एसपी देहात अविनाश पांडेय ने भी क्वारंटाइन सेंटर का निरीक्षण कर वहां मौजूद कर्मचारियों व अधिकारियों को दिशा-निर्देश दिए।