टेनिस बॉल और फुटबाल बनाने की फैक्ट्री में भीषण आग, करोड़ों का नुकसान Meerut News
टीपीनगर थानाक्षेत्र के स्पोट्र्स कांप्लेक्स स्थित फैक्ट्री में आग लगने से करोड़ों का नुकसान हो गया। देश के साथ ही विदेश में भी माल सप्लाई होता है।
मेरठ, जेएनएन। स्पोट्र्स कांप्लेक्स में स्थित टेबिल टेनिस बॉल और फुटबाल बनाने की फैक्ट्री में शुक्रवार तड़के आग लग गई। चौकीदार की सूचना पर पहुंचे अग्निशमन कर्मचारियों ने कई घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। वहीं, देर शाम फैक्ट्री के बेसमेंट में फिर से आग भड़क गई थी। दमकल कर्मचारियों ने पहुंचकर उस पर काबू पाया। आग से करोड़ों का नुकसान बताया जा रहा है।
सिविल लाइन्स थाना क्षेत्र के विक्टोरिया पार्क स्थित स्पोट्र्स कालोनी निवासी पुनीत खन्ना की टीपीनगर थाना क्षेत्र के स्पोट्र्स कांप्लेक्स में खन्ना स्पोट्र्स के नाम से फैक्ट्री है। यहां टेबिल टेनिस की बॉल, फुटबाल और वालीबॉल बनाई जाती हैं। उन्होंने बताया कि लॉकडाउन के चलते फैक्ट्री बंद है। शुक्रवार तड़के चौकीदार का फोन आया और उसने बताया कि फैक्ट्री में आग लग गई है। सूचना पर वह और दमकल की पांच गाडिय़ां पहुंची और करीब छह घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। बताया कि आग से बना हुआ माल, आफिस, रिकार्ड और अन्य सामान जल गया। करीब चार करोड़ रुपये का नुकसान होने का अनुमान है। फैक्ट्री से माल की सप्लाई देश के साथ ही विदेशों में भी होती है। दो दशक से ज्यादा समय से फैक्ट्री है। वहीं, दमकल कर्मचारियों ने बताया कि आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट लग रही है। जांच की जा रही है।
शाम को फिर भड़की आग
सुबह करीब दस बजे दमकल कर्मचारियों ने आग पर काबू पा लिया था। शाम को फिर से बेसमेंट में से धुआं निकलने लगा। सूचना पर फैक्ट्री मालिक और अग्निशमन अधिकारी पहुंचे और आग पर काबू पाया। उन्होंने बताया कि फैक्ट्री में निकलने के कई रास्ते हैं, लेकिन सभी के दरवाजों पर अंदर से ताला लगा हुआ है। सिर्फ एक ही दरवाजे से निकला जा सकता है, इसलिए आग बुझाने में परेशानी का भी सामना करना पड़ा। वहीं, आग लगने की सूचना पर थाना पुलिस भी पहुंच गई थी।
तो होता बड़ा हादसा
आग की सूचना पर दमकल कर्मचारी प्रवीण कुमार, अनिल कुमार आदि भी पहुंच गए थे। उन्होंने बताया कि फैक्ट्री में डीजल और केमिकल से भरे करीब 10-12 ड्रम रखे थे। उनके जाने से पहले एक ड्रम धमाके के साथ फट गया था। इसके बाद उन्होंने सभी ड्रम पर फोम का इस्तेमाल किया। यदि अन्य ड्रमों को सुरक्षित नहीं हटाया जाता तो बड़ा हादसा हो सकता था।