Fitness Tips: छोटे कदम से सेहत को मिलती है बड़ी खुराक, जानिए मेरठ के प्रो. दिनेश के सेहत का राज
प्रो. दिनेश कुमार बताते हैं कि स्वस्थ रहने के लिए वह सुबह जल्दी उठते हैं। फिर कुछ समय योग का अभ्यास करते हैं। इसके बाद विश्वविद्यालय परिसर में दो से तीन किलोमीटर पैदल चलते हैं। पैदल चलने से वजन नहीं बढ़ता है।
[विवेक राव] मेरठ। अच्छी सेहत हर कोई चाहता है। इसके लिए अनुशासन और अभ्यास बहुत जरूरी है। अगर हम केवल सोचते रहेंगे कि तो सेहत अच्छी नहीं होने वाली है। खाने, पीने, सोने से लेकर सुबह उठने में हमें अनुशासन को बनाए रखना होगा। साथ ही नियमित अभ्यास भी करना होगा। शारीरिक रूप से खुद को स्वस्थ रखने के लिए अभ्यास के कई तरीके हैं, अगर आप सुबह उठकर पैदल चलते हैं तो भी इससे शरीर में कई तरह की व्याधियों को आने से रोक सकते हैं। सुबह कदमताल करने से भी सेहत को एक खुराक मिलती है। चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय में अर्थशास्त्र के विभागाध्यक्ष और प्रोफेसर दिनेश कुमार सुबह उठने के बाद नियमित तौर पर पैदल चलते हैं।
बदल गई आदत
प्रो. दिनेश कुमार बताते हैं कि स्वस्थ रहने के लिए वह सुबह जल्दी उठते हैं। फिर कुछ समय योग का अभ्यास करते हैं। इसके बाद विश्वविद्यालय परिसर में दो से तीन किलोमीटर पैदल चलते हैं। पैदल चलने से वजन नहीं बढ़ता है। तेज कदम से पैदल चलने से शरीर में स्फूर्ति रहती है। सुबह के योग और अभ्यास के बाद स्वास्थ्य सही रखने के लिए समय पर नाश्ता भी जरूरी है। इससे शरीर को पूरी ऊर्जा मिलती है। वह कहते हैं कि शरीर को मानसिक और शारीरिक रूप से स्वस्थ रखने के लिए कम से कम एक घंटे खुद को देना जरूरी होता है।
तीस मिनट पैदल चलिए फिर देखिए
प्रो. दिनेश कहते हैं कि अगर आप रोज तीस मिनट ही पैदल चलते हैं तो यह अपने आप में पर्याप्त शारीरिक अभ्यास है। अब जब मौसम बदल रहा है तो सुबह के समय टहलने में कोई हर्ज नहीं है। नियमित पैदल चलने से हम अपने वजन को पूरी तरह से नियंत्रित कर सकते हैं। पैदल चलने से कोलेस्ट्राल, बीपी, शुगर, तनाव जैसी समस्या भी नहीं रहती है। हमारी दिनचर्या और कार्यशैली ऐसी है कि कई बार घंटों बैठना पड़ता है। सुबह टहलने से पैरों की मांसपेशियां और हड्डियां मजबूत होती हैं। सुबह टहलने शरीर में ताजी हवा लगती है तो मूड भी अच्छा होता है, दिन भर इससे मन में सकारात्मक भाव आते हैं। वह दूसरों को सलाह देते हैं शरीर को स्वस्थ रखने के लिए किसी जिम में जाने की जरूरत नहीं है, अपने घर की छत पर भी योग अभ्यास और आसपास पैदल चलना भी पर्याप्त होगा।