Fitness Mantra In Meerut: कुछ वक्त अपने लिए भी निकालिए, सिर्फ आधा घंटा योग कीजिए और देखिए
मेरठ में सीए अनुपम बताते हैं कि योग और अभ्यास के कारण ही पिछले तीन महीने में उन्होंने पांच किलो वजन कम किया है। छत पर तेज चलने से पूरे शरीर से पसीना निकलने लगता है। सुबह योग से ही शरीर पूरी तरह से चुस्त और हल्का हो जाता है।
मेरठ, जेएनएन। Fitness Mantra भौतिकता की दौड़ में हम खुद से दूर होते चले जा रहे हैं। अनियमित खानपान और अस्त व्यस्त दिनचर्या से हम कई बीमारियों के गिरफ्त में जा रहे हैं। अगर हम शुरू से ही दिनचर्या को सही रखें और सुबह उठकर योग और अभ्यास करें तो काफी हद तक खुद को फिट रखते हुए कई बीमारियों से भी बच सकते हैं। जरूरत है बस दिन की शुरुआत में मन में इस बात को ठान लेने की कि कुछ भी हो जाए आधे से एक घंटे योग और अभ्यास में देना ही है।
सुबह छह बजे घूमने के लिए पार्क
नियमित दिनचर्या कितनी उपयोगी हो सकती है। इसे सीए अनुपम शर्मा ने जाना है। वह अक्टूबर तक सुबह छह बजे उठकर बाहर पार्क में घूमने जाते थे। नवंबर महीने में ठंड और स्माग की वजह से वह बाहर घूमने नहीं जाते हैं। बाहर घूमना उन्होंने भले ही बंद कर दिया, लेकिन योग और अभ्यास को नहीं छोड़ा। जब कोविड आया तो भी उन्होंने अपनी दिनचर्या को ऐसे ही रखा। नवंबर माह से वह अपने घर की छत पर ही धूप निकलने पर रेस लगाते हैं। फिर योग का अभ्यास करते हैं।
पांच किलो वजन कम किया
अनुपम बताते हैं कि योग और अभ्यास के कारण ही पिछले तीन महीने में उन्होंने पांच किलो वजन कम किया है। छत पर तेज चलने से पूरे शरीर से पसीना निकलने लगता है। सुबह योग और इस तरह के अभ्यास से ही शरीर पूरी तरह से चुस्त और हल्का हो जाता है। इसका फायदा दिन भर के काम में भी दिखता है। पूरे दिन ताजगी भी महसूस होती है। साथ ही आत्मविश्वास भी पैदा होता है।
आधा घंटा भी पर्याप्त
अनुपम बताते हैं प्रोफेशनल लाइफ में बहुत से लोग देर तक सोते हैं फिर सुबह देर से उठते हैं। अगर ऐसा भी है तो भी सुबह उठने के बाद कम से कम आधा घंटा भी अगर योग और अभ्यास को दे दिया तो शरीर में पूरी तरह से स्फूर्ति आ जाती है।