बागपत में आपत्तिजनक शब्द लिखने पर दो पक्षों में मारपीट व पथराव, सात नामजद
बागपत के चांदीनगर थाना क्षेत्र के पांची गांव में खड़े टेंपो पर आपत्तिजनक शब्द लिखने को लेकर अलग अलग संप्रदाय के दो पक्षों में मारपीट में पथराव हुआ। आचार संहिता उल्लंघन का सात नामजद व 15 अज्ञात पर मुकदमा।
बागपत, जागरण संवाददाता। चांदीनगर थाना क्षेत्र के पांची गांव में खड़े टेंपो पर आपत्तिजनक शब्द लिखने को लेकर अलग अलग संप्रदाय के दो पक्षों में मारपीट में पथराव हुआ। इसमें दो लोग घायल हुए। पुलिस ने दोनों पक्ष के सात नामजद व 10 15 अज्ञात लोगों के खिलाफ आचार संहिता उल्लंघन का मुकदमा दर्ज किया।
यह है मामला
गांव निवासी शहजाद पुत्र उमरदीन टेंपो चलाता है। रोजाना की भांति सोमवार शाम को भी टेंपो गली में लाकर खड़ा कर दिया। तभी निशांत पक्ष से किसी ने टेंपो पर आपत्तिजनक शब्द लिख दिया। विरोध किया तो दोनों में कहासुनी हो गई। कुछ ही देर में कहासुनी मारपीट में बदल गई। आसपास के लोगों ने बीच-बचाव का प्रयास किया तो दोनों पक्ष ने एक दूसरे पर पथराव कर दिया। मारपीट में मंगू और सलमान को चोट लगी।
पता लगने पर पुलिस मौके पर पहुंची तो आरोपित फरार हो गए। पुलिस ने दोनों पक्ष के आजाद, सलमान,नासिर व जाकिर पुत्रगण उमरदीन व दूसरे पक्ष से निशांत, मंगू पुत्र ओम दत्त, अजय पुत्र विजय व 10-15 अज्ञात के खिलाफ आचार संहिता उल्लंघन का मुकदमा दर्ज किया। सीओ युवराज सिंह का कहना है कि आरोपितों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।