Move to Jagran APP

मेरठ: लेबर रूम में महिला चिकित्सक को चॉकलेट दे किया प्रपोज, विरोध किया तो हैवानियत पर उतरा साथी डॉक्‍टर

वारदात के बाद पीड़िता ने मामले की जानकारी माता-पिता को दी। स्वजन महिला चिकित्सक को साथ लेकर देहलीगेट थाने पहुंचे जहां पर मुकदमा दर्ज करा दिया गया। पुलिस अस्पताल की सीसीटीवी रिकॉर्डिंग लेकर मामले की जांच कर रही है। फिलहाल आरोपित डॉक्टर फरार है।

By Edited By: Published: Thu, 11 Feb 2021 06:15 AM (IST)Updated: Thu, 11 Feb 2021 02:33 PM (IST)
मेरठ: लेबर रूम में महिला चिकित्सक को चॉकलेट दे किया प्रपोज, विरोध किया तो हैवानियत पर उतरा साथी डॉक्‍टर
मेरठ में लेबर रूम में महिला चिकित्सक से दुष्कर्म की कोशिश

मेरठ, जेएनएन। शहर के एक सरकारी अस्पताल की महिला चिकित्सक के साथ लेबर रूम में साथी चिकित्सक ने दुष्कर्म का प्रयास किया। उसने पहले महिला चिकित्सक को चाकलेट देकर प्रपोज किया। विरोध करने पर अश्लीलता की सभी हदें पार कर दी। महिला चिकित्सक के शोर मचाने पर आरोपित भाग खड़ा हुआ। पीड़िता ने मामले की जानकारी माता-पिता को दी। स्वजन महिला चिकित्सक को साथ लेकर देहलीगेट थाने पहुंचे, जहां पर मुकदमा दर्ज करा दिया गया।

loksabha election banner

महिला चिकित्सक शहर के एक सरकारी अस्पताल में कार्यरत हैं। वहीं पर डाक्टर विवेक भी काम करता है। मंगलवार को महिला चिकित्सक की रात में ड्यूटी थी। वार्ड में राउंड लगाने के बाद महिला चिकित्सक लेबररूम में आ गई। आरोप है कि उनके पीछे साथी डाक्टर विवेक भी पहुंच गया। विवेक ने लेबर रूम की कुंडी लगा ली। उसके बाद महिला चिकित्सक को चाकलेट देकर प्रपोज किया। विरोध करने पर महिला चिकित्सक के साथ अश्लीलता शुरू कर दी। पीड़िता कुछ समझ पाती, तब तक डाक्टर विवेक जोर-जबरदस्ती करने लगा।

महिला चिकित्सक ने शोर मचा दिया। उसके बाद डाक्टर विवेक लेबर रूम की कुंडी खोलकर फरार हो गया। सीएमएस और अन्य डाक्टरों को भी मामले की जानकारी से अवगत कराया गया। इसके बाद ड्यूटी पूरी करने पर पीड़ित महिला चिकित्सक को परिवार के लोग घर लेकर लौटे। इसी बीच यूपी-112 पर काल कर मामले की जानकारी दे दी गई थी। बुधवार की सुबह ही महिला चिकित्सक ने थाना पहुंचकर मुकदमा कायम कराया। सीओ अरविंद चौरसिया ने बताया कि महिला चिकित्सक की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर 161 सीआरपीसी के बयान दर्ज कराए जा चुके हैं। आरोपित चिकित्सक की धरपकड़ को दबिश डाली जा रही है। पीड़िता रिटायर्ड पुलिस अफसर की बेटी हैं। उन्होंने मामले की जानकारी एसएसपी और एडीजी को भी दी है।

मामले में एसएसपी अजय साहनी का कहना है कि अस्पताल की सीसीटीवी फुटेज भी कब्जे में ले ली गई है। वारदात के बाद से आरोपित डाक्टर विवेक ड्यूटी छोड़कर फरार हो गया। उसकी तलाश में पुलिस दबिश डाल रही है। गुरुवार को महिला चिकित्सक का कोर्ट में बयान दर्ज कराया जाएगा। विभाग भी डाक्टर के खिलाफ कार्रवाई कर रहा है। आरोपित संविदा पर तैनात है।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.