बागपत में बेटे के केस की पैरवी करने पर पिता को गोली मारी, धमकी देकर हुए फरार
बागपत में बेटे के केस की पैरवी कर रहे पिता को ईख के खेत में घेरकर छह बदमाशों ने गोली मारी। बदमाश धमकी देकर फरार हो गए। पिता को जिला अस्पताल में कराया गया भर्ती। पुलिस को सूचना दे दी गई।
बागपत, जेएनएन। बेटे की कथित मौत के केस की पैरवी करने पर पिता को गोली मार दी गई। घायल व्यक्ति को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
यह है मामला
हरचंदपुर गांव के 50 वर्षीय वकील इलेक्ट्रीशियन है। उनकी बागपत में दुकान है। उनके मुताबिक वह बुधवार रात करीब 8.00 बजे बागपत से अपने घर लौट रहे थे। गांव के स्कूल व तालाब के निकट पहुंचने पर अचानक ही ईख के खेत से छह लोग निकले और उनको घेरकर जानलेवा हमला कर दिया। वह पैर में गोली लगने से घायल हुए, बाद में आरोपित धमकी देते हुए दो बाइक की फरार हो गए। पीड़ित का आरोप है कि गत 13 जून को उसके बेटे शाहनवाज की हत्या कर शव को पेड़ पर लटका दिया गया था। इस मामले में अदालत के आदेश पर पुलिस ने आत्महत्या के लिए प्रेरित करने की धारा में मुकदमा दर्ज किया था। आरोपित खुलेआम गांव में घूम रहे हैं और केस में समझौते का दबाव बना रहे हैं। केस की पैरवी करने पर ही उन पर जानलेवा हमला किया गया है। चार हमलावरों को पहचान लिया गया है। वहीं सीओ ओमपाल सिंह व कोतवाली प्रभारी एनएस सिरोही ने मामले की जांच पड़ताल की और पीड़ित से घटना की जानकारी प्राप्त की। सीओ का कहना है कि मामले की जांच कर कार्रवाई की जाएगी।
पहले चाची, फिर भतीजे का लटका मिला था शव
युवक शाहनवाज का शव खेत में पेड़ पर रस्सी से लटका मिला था। इससे एक दिन पहले उसकी चाची का मकान में फांसी के फंदे पर शव लटका मिला था। दोनों की मौत को लेकर गांव में तरह-तरह की चर्चा चल रही थी।