गन्ना तौल केंद्र पर किसानों का हंगामा, कहा- जांच की कार्रवाई जल्द हो Muzaffarnagar News
मुजफ्फरनगर स्थित खतौली के गांव भैंसी में गन्ना तौल केंद्र पर किसानों ने घटतौली का आरोप लगाते हुए हंगामा किया। किसानों ने तौल बंद करा कर कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। किसाने ने आरोप लगाते हुए कहा कि हमेशा से घटतौली की जा रही है।
मुजफ्फरनगर, जेएनएन। खतौली के गांव भैंसी में गन्ना तौल केंद्र पर किसानों ने घटतौली का आरोप लगाते हुए हंगामा किया। किसानों ने तौल बंद करा कर कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। किसाने ने आरोप लगाते हुए कहा कि हमेशा से घटतौली की जा रही है। इनके खिलाफ जल्द से जल्द कार्रवाई की जानी चाहिए। हंगामे की सूचना पर शुगर मिल के अधिकारी मौके पर पहुंचे और किसानों को समझा कर शांत किया।
गांव भैंसी में खतौली शुगर मिल का तौल केंद्र बना है। यहां पर किसानों की बोगियों, ट्रैक्टर-ट्रालियों की तौल की जा रही थी। इसी बीच गांव के ही कुछ किसानों ने तौल में गड़बड़ी का आरोप लगाते हुए हंगामा खड़ा कर दिया। तौल केंद्र के कांटे में घटतौली को लेकर कर्मचारियों के साथ बहस-बाजी हो गई। गुस्सा किसानों ने तोल बंद करा कर कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
हंगामा होने की सूचना मिल अधिकारी और भाकियू के मंडल महासचिव राजू अहलावत मौके पहुंचे। घटतौली का शक दूर करने के लिए किसानों के गन्ने को शुगर मिल के कांटे पर तौला गया। जिसमें वह सही पाया गया। भाकियू नेता राजू अहलावत ने बताया कि किसानों की शंका दूर होने के बाद मामला शांत हो गया। तौल में घटतौली को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।