मेरठ में ट्रैक्टर पलटने से किसान की मौत, साथी घायल Meerut News
सरधना थाना क्षेत्र के छुर गांव के निकट चीनी मिल में गन्ने डाल कर लौट रहे किसान का ट्रैक्टर गुरुवार की देररात अनियंत्रित होकर पलट गया। ट्रैक्टर के नीचे आने से किसान की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे की सूचना पर स्वजन में कोहराम मच गया।
मेरठ, जेएनएन। मेरठ के सरधना थाना क्षेत्र के छुर गांव के निकट चीनी मिल में गन्ने डाल कर लौट रहे किसान का ट्रैक्टर गुरुवार की देररात अनियंत्रित होकर पलट गया। ट्रैक्टर के नीचे आने से किसान की दर्दनाक मौत हो गई। ट्रैक्टर में बराबर में बैठा किसान का साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने घायल को अस्पताल में भर्ती कराया गया है और मृत किसान के शव को मर्चरी भेज दिया है।
जानकारी के अनुसार सरधना थाना क्षेत्र के बपारसी गांव निवासी किसान ललित कुमार पुत्र निरंजन अपने साथी गोपाल शर्मा पुत्र जय भगवान शर्मा के साथ गुरुवार की शाम चीनी मिल में गन्ने डालने के लिए गया था। गुरुवार की देर रात्रि वह घर वापस लौट रहे थे जैसे ही ये लोग छुर ओर मुलेहडा गांव के बीच पहुंचा तो सामने से आ रहे ट्रक को बचाने के प्रयास में ट्रैक्टर का पहिया खड्डे में गिरने से खेत में पलट गया।
ट्रैक्टर के नीचे दबने से किसान की मौके पर ही मौत हो गई थी। बराबर में बैठा साथी गोपाल शर्मा गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे की जानकारी मिलने पर मौके पर पहुंचे स्वजन के साथ पुलिस ने घायल को अस्पताल में भर्ती कराया और पुलिस ने शव का पंचनामा भर मर्चरी भेज दिया। किसान की मौत से गांव में जहां मातम पसरा गया, वहीं परिवार में कोहराम मच गया। किसान ललित के 8 वर्ष का बेटा और 3 वर्ष की बेटी है।