गाजियाबाद के व्यापारी की पत्नी से आबूलेन पर लूट, पुलिस के सामने ही फरार हुए बदमाश Meerut News
शुक्रवार को बाइक सवार दो बदमाश गाजियाबाद के व्यापारी की पत्नी से पर्स लूटकर फरार हो गए। आरोप है कि घटना के वक्त पुलिसकर्मी पास में ही थे। पीडि़त ने तहरीर दे दी है।
मेरठ, जेएनएन। शुक्रवार को बाइक सवार दो बदमाश गाजियाबाद के व्यापारी की पत्नी से पर्स लूटकर फरार हो गए। आरोप है कि घटना के वक्त पुलिसकर्मी पास में ही थे। पीडि़त ने तहरीर दे दी है। दोपहर में भी रिक्शा सवार एक महिला ने बदमाशों ने लूट का प्रयास किया। गाजियाबाद के वैभव खंड निवासी संजय गर्ग की प्लाईवुड का शोरूम है। वह मूलरूप से बुलंदशहर के रहने वाले हैं। शुक्रवार को वह पत्नी सोनी के साथ गाड़ी से आबूलेन आए थे। वह आभूषण के शोरूम की ओर चले, तभी पीछे से आए बाइक सवार दो बदमाश महिला के हाथ से पर्स लूटकर फरार हो गए। उन्होंने बताया कि पर्स में करीब दस हजार रुपये, एक सोने का सेट और मोबाइल फोन था। पुराने सेट के बदले वह नया सेट लेने के लिए आए थे।
आरोप है कि घटना के वक्त पास में पुलिसकर्मी भी मौजूद थे। थाना प्रभारी विजय गुप्ता ने बताया कि घटनास्थल के पास लगे सीसीटीवी की फुटेज खंगाली जा रही है। कुछ महत्वपूर्ण हाथ लगे हैं। वहीं, दोपहर केे वक्त रजबन निवासी एक महिला रिक्शे से गुरुतेग बहादुर स्कूल के सामने से जा रही थी। तभी पीछे से बाइक सवार दो बदमाशों ने उसकी चेन लूट का प्रयास किया था। शोर मचाने पर कुछ लोगों ने बदमाशों का पीछा किया, लेकिन वह हाथ नहीं आए।