पटाखा फैक्ट्री में विस्फोट से दहला शामली का बुटराडा, अफरातफरी, महिला मजदूर की मौत
शामली पुलिस के अनुसार बुटराडा गांव में अमजद की जमीन है। इस जमीन पर रिजवान पटाखा फैक्ट्री संचालित कर रहा था। सोमवार को करीब एक दर्जन महिलाएं काम करने के लिए पहुंची थी। करीब एक बजे अचानक विस्फोट हुआ और पूरा इलाका दहल गया।
शामली, जागरण संवाददाता। सोमवार दोपहर बाबरी थाना क्षेत्र के बुटराडा गांव में पटाखा फैक्ट्री में भयंकर विस्फोट हुआ। इसमें एक महिला की मौत हो गई। विस्फोट इतना जबरदस्त था कि पूरे गांव में अफरातफरी मच गई। फैक्ट्री में काम करने वाली एक महिला का शव चीथड़ों में बंट गया। आनन-फानन में ग्रामीण मौके पर एकत्र हो गए। सूचना मिलने पर एसपी समेत पुलिस के आला अधिकारी मौके पर पहुंचे और मामले की जानकारी ली। फायर बिग्रेड की टीम ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू किया। विस्फोट के समय फैक्ट्री में करीब 10 महिलाएं काम कर रही थीं।
यह है मामला
एसओ बाबरी के अनुसार बुटराडा गांव में अमजद की जमीन है। इस जमीन पर रिजवान पटाखा फैक्ट्री संचालित कर रहा था। 31 मार्च 2022 तक रिजवान के बाद पटाखा फैक्ट्री का लाइसेंस था। सोमवार सुबह रोजाना की तरह करीब एक दर्जन महिलाएं काम करने के लिए पहुंची थी। करीब एक बजे अचानक विस्फोट हुआ और पूरा इलाका दहल गया। भयंकर धमाके की आवाज सुनकर ग्रामीण मौके पर एकत्र हो गए। सूचना मिलने पर एसपी सुकीर्ति माधव पुलिस अधिकारियों के साथ मौके पर पहुंचे। इसी दौरान फायर बिग्रेड की टीम भी मौके पर पहुंच गई। एसपी ने मामले की जानकारी ली। वहां काम करने वाली एक महिला वीरमति गायब थी। वीरमती की बेटी मनीषा और रविता ने बताया कि उनकी मां की इस हादसे में मौत हो गई है। उनके शरीर के लोथड़े हवा में बिखर गए हैं। एसओ बाबरी का कहना है कि सुबह करीब 11 महिलाएं काम करने आई थीं। वीरमति को छोड़कर शेष सभी महिलाएं सुरक्षित हैं। हादसे के बाद से ही फैक्ट्री मालिक गायब है। एसडीएम ब्रजेश कुमार भी मौके पर पहुंचे। उनका कहना है कि मृतका के स्वजन को कानूनी दायरे में आर्थिक मदद दी जाएगी।
इनका कहना है
बुटराड़ा में पटाखा फैक्ट्री में विस्फोट हुआ है। एक महिला वीरमति निवासी भौंराकलां की हादसे में मौत हुई है। मामले की जांच की जा रही है। जांच के बाद विधिक कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
-सुकीर्ति माधव, एसपी