Exercise Benefit: ये हल्के-फुल्के व्यायाम ऑक्सीजन बढ़ाने में दमदार, सांस की समस्या भी होती है दूर
फेफड़ों से जुड़े व्यायाम उनमें वायु प्रवाह और ऑक्सीजन का स्तर अधिक कुशल ढंग से व्यवस्थित करने में सहायक हैं। आर्थो डा. अवधेश चौधरी बताते हैं कि कुछ व्यायाम से फेफड़ों को शुद्ध ऑक्सीजन मिलता है। साथ ही सांस की समस्या भी दूर करते हैं।
मेरठ, जेएनएन। फेफड़ों से जुड़े व्यायाम उनमें वायु प्रवाह और ऑक्सीजन का स्तर अधिक कुशल ढंग से व्यवस्थित करने में सहायक हैं। हमारे शरीर में फेफड़े ही वह अंग है जो शरीर को शुद्ध ऑक्सीजन देने का काम करते हैं और शरीर में प्रत्येक गतिविधि आक्सीजन पर निर्भर है। यह कहना है एमपीटी आर्थो डा. अवधेश चौधरी, उन्होंने बताया कुछ व्यायाम फेफड़ों को हवा में सांस लेने पर ऑक्सीजन का बेहतर अवशोषण करने में मदद करते हैं। साथ ही सांस की समस्या भी दूर करते हैं। आइए जानते हैं उन एक्सरसाइज के बारे में..
फेफड़ों की क्षमता बढ़ाने के लिए करें यह व्यायाम
एरोबिक्स : एरोबिक्स एक लयबद्ध गति से बड़े मांसपेशी समूहों को टारगेट करके फेफड़ों की क्षमता को बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। इसलिए शरीर अधिक कुशलता से ऑक्सीजन का उपयोग करता है और यह आपकी श्वास को भी बढ़ा सकता है। इसके अलावा आपको लंबे ब्रिस्क वाक के लिए रोजाना जाना चाहिए। स्थिर बाइकिंग एक अन्य प्रकार का एरोबिक व्यायाम है जो फेफड़ों की क्षमता में सुधार करता है।
हंसना और गाना : पेट की मांसपेशियों पर काम करने वाली कोई भी गतिविधि फेफड़ों को भी सक्रिय करती है। हंसना और गाना दोनों ही ऐसा करते हैं। हंसने से न केवल आपके फेफड़ों की क्षमता बढ़ती है, बल्कि बासी हवा फेफड़ों से बाहर निकलती है।
वाटर-बेस्ड एक्सरसाइज
वाटर वर्कआउट आपके शरीर को कड़ी मेहनत करने के लिए प्रेरित करते हैं क्योंकि पानी प्रतिरोध के स्नोत के रूप में काम करता है। यह फेफड़ों को मजबूत बनाने में मदद करता है। आप पानी में वेट लिफ्टिंग और स्ट्रेचिंग एक्सरसाइज कर सकते हैं। जो फेफड़ों को स्वस्थ रखने के लिए साथ ही शरीर में आक्सीजन का स्तर भी दुरुस्त रखने में मददगार है।
धनुरासन का अभ्यास रोगमुक्त का आधार
धनुरासन योग पेट के बल लेट कर किए जाने वाले आसनों में एक महत्वपूर्ण आसान है, जो अनेकों स्वास्थ्य फायदे के लिए जाना जाता है। इस आसन को करते समय शरीर की आकृति धनुष के सामान प्रतीत होती है इसीलिए इसे धनुरासन कहा जाता है। योग शिक्षक आशीष शर्मा ने इस आसन को करने का तरीका व लाभ के बारे में जानकारी साझा की है। आइए जानते हैं।
धनुरासन करने का तरीका : धनुरासन सरल तरीकों से किया जाए तो यह काफी आसान है। इसके लिए सबसे पहले पेट के बल लेट जाएं। सांस छोड़ते हुए घुटनों को मोड़े व हाथ से टखनों को पकड़ें। सांस लेते हुए आप अपने सिर, छाती व जांघ को ऊपर की ओर उठाएं। शरीर के लचीलापन के हिसाब से और ऊपर उठा सकते हैं।