स्वच्छ छावनी के लिए सभी ने बढ़ाया कदम
छावनी में स्वच्छता में इस बार पिंक मिशन को जोड़ा गया है। जिसमें महिलाओं के उपयोग के बाद सेनेटरी पैड के निस्तारण की योजना बनाई गई है। बुधवार को पिंक मिशन को लेकर जागरूकता कार्यक्रम चलाया गया।
मेरठ, जेएनएन : छावनी में स्वच्छता में इस बार पिंक मिशन को जोड़ा गया है। जिसमें महिलाओं के उपयोग के बाद सेनेटरी पैड के निस्तारण की योजना बनाई गई है। बुधवार को पिंक मिशन को लेकर जागरूकता कार्यक्रम चलाया गया। गांधी बाग में आयोजित इस कार्यक्रम में स्वयं सेवी संस्थाएं, स्कूल, घरेलू महिलाओं ने बढ़चढ़ कर हिस्सा लिया। समारोह में होम कंपोस्टिंग, जल संरक्षण को लेकर भी लोगों को जागरूक किया गया।
इस दौरान गांधी बाग में कचरे के निस्तारण से संबंधित जानकारी देने के लिए स्वयंसेवी संस्थानों ने स्टाल भी लगाए। इसमें ग्रोइग पिपल्स ने गीले कचरे से किचन गार्डन के लिए खाद तैयार करने का तरीका बताया। जनहित फाउंडेशन की अनीता राणा ने कचरे के निस्तारण का तरीका बताया। वहीं, कवि ईश्वरचंद गंभीर ने पिंक मिशन पर गीत पेश किया। क्लीन मेरठ के अमित कुमार ने अपने घर से स्वच्छता को आगे बढ़ाने पर जोर दिया।
नुक्कड़ और नृत्य से छात्राओं ने दिया संदेश
स्कूली छात्राओं ने नृत्य, नुक्कड़ नाटक से स्वच्छता और माहवारी से संबंधित कार्यक्रम कर लोगों को जागरूक किया। केंद्रीय विद्यालय डोगरा लाइंस, पंजाब लाइंस, सोफिया गर्ल्स स्कूल समेत कई स्कूलों के बच्चों ने प्रस्तुति दी। भागीरथी आर्य कन्या इंटर कॉलेज की छात्राओं ने नाटक के माध्यम से पिंक मिशन की जानकारी दी। दर्पण कला केंद्र के विनोद बेचैन के सहयोगियों ने भी नाटक का मंचन किया। सेंट जोंस की शिक्षिका विभा, गुंजन ने सांस्कृतिक कार्यक्रम का संचालन किया।
सुरक्षित होगी छावनी
गांधी बाग में कैंट बोर्ड की ओर से डाक्टरों के पैनल ने इच्छुक लोगों के स्वास्थ का परीक्षण किया। सदस्य रिनी जैन, मधु राठौर, बीना वाधवा ने पिंक मिशन की उपयोगिता बताते हुए लोगों को उससे जुड़ने के लिए प्रेरित किया। एडिशनल सीईओ डॉ. ममता ने स्कूली छात्राओं को पैड्स की उपयोगिता बताई। सीईओ प्रसाद चव्हाण ने सभी स्टॉल को देखा। इस दौरान छावनी परिषद के एई पीयूष गौतम, डॉ. अनुराधा गुप्ता भी उपस्थित रहे।