झगड़े के दौरान मासूम को छत से फेंका, गंभीर
मारपीट के दौरान हमलावरों ने मासूम को छत से फेंक दिया।
मेरठ, जेएनएन। मारपीट के दौरान हमलावरों ने मासूम को छत से फेंक दिया। उसे गंभीर हालत में गढ़ रोड स्थित नर्सिग होम में भर्ती कराया गया है। दोनों पक्षों में 15 दिन पहले भी विवाद हुआ था। वहीं, पुलिस ने हमलावरों के घर दबिश दी तो वह फरार हो गए।
लिसाड़ी गेट थाना क्षेत्र के श्याम नगर निवासी फुरकान के बड़े बेटे सुहेल का करीब 15 दिन पहले पड़ोसी शहजाद से पतंग को लेकर झगड़ा हो गया था। तब तो आसपास के लोगों ने दोनों पक्षों में समझौता करा दिया था। आरोप है कि शनिवार रात शहजाद ने स्वजन और साथियों के साथ मिलकर फुरकान के घर पर हमला बोल दिया। दोनों पक्षों में मारपीट शुरू हो गई। इस दौरान फुरकान का आठ साल का बेटा सलमान छत पर था। उसे हमलावरों ने छत से फेंक दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। आसपास के लोगों ने दोनों पक्षों को अलग किया। साथ ही बच्चे को गंभीर हालत में नर्सिग होम में भर्ती कराया। सूचना पर पहुंची पुलिस को देखकर आरोपित फरार हो गए थे। पुलिस ने घरों पर दबिश दी, लेकिन वह हाथ नहीं आए। थाना प्रभारी ने बताया कि तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज की जा रही है।
आपरेशन के दौरान गर्भवती की मौत पर हंगामा: आपरेशन के दौरान गर्भवती की मौत हो गई। स्वजन ने चिकित्सक पर गलत इंजेक्शन लगाने का आरोप लगाकर हंगामा कर दिया। उन्होंने हास्पिटल में तोड़तोड़ करने का भी प्रयास किया। पुलिस ने लोगों को समझाकर कर शांत कराया।
लिसाड़ी गेट थाना क्षेत्र के हापुड़ रोड स्थित एल ब्लाक चौराहे पर डाक्टर नौशाद का जोहर हास्पिटल है। शनिवार दोपहर बागपत के खेकड़ा थाना क्षेत्र ग्राम रटौल निवासी तौसीफ ने गर्भवती पत्नी शबनम को जोहर हास्पिटल में भर्ती कराया था। नार्मल डिलीवरी नहीं होने पर चिकित्सक उन्हें देर शाम आपरेशन के लिए ले गए। आपरेशन के दौरान शबनम की मृत्यु हो गई। मौत की सूचना मिलते ही मृतका के स्वजन ने हंगामा कर दिया। स्वजन ने चिकित्सक के खिलाफ तहरीर दी है। थाना प्रभारी प्रशांत कपिला का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। जो भी तथ्य प्रकाश में आएंगे, उसी के अनुसार कार्रवाई की जाएगी।