गैस की पाइप डालने के दौरान पेयजल पाइप फटी
गेल गैस की पाइप लाइन डालने के दौरान मनोरंजन पार्क में पेयजल की पाइप फट गई। इससे आसपास के क्षेत्रों में पानी भर गया।
मेरठ । गेल गैस की पाइप लाइन डालने के दौरान मनोरंजन पार्क में पेयजल की पाइप फट गई। इससे आसपास के क्षेत्रों में पानी भर गया। इसके बाद टीम मानसरोवर पार्क पहुंच गई। स्थानीय पार्षद ने आपत्ति जताई कि बिना पार्षदों की जानकारी के पाइप लाइन डालना अनुचित है।
गेल गैस लिमिटेड के कर्मचारी मंगलवार को मनोरंजन पार्क में गैस लाइन के लिए भूमिगत पाइप डाल रहे थे। ड्रिल करने के दौरान नगर निगम की पेयजल पाइप लाइन क्षतिग्रस्त हो गई। इसकी जानकारी लोगों ने नगर निगम व गेल कर्मियों को दी। इस पर नगर निगम के निर्माण विभाग को बुधवार को लाइन देखी जाने का जवाब मिला। वहीं जानकारी पर गेल कर्मी उसे ठीक करने के बजाए मानसरोवर पार्क में गैस लाइन के लिए ड्रिल करने पहुंच गए। यहां काम शुरू होते ही स्थानीय पार्षद ललित नागदेव पहुंचे और उन्होंने आपत्ति जताई कि पार्षदों की जानकारी के बिना पाइप लाइन का कार्य न किया जाए। इसके साथ ही नगर निगम का अनुमति पत्र भी होना चाहिए। नागदेव ने बताया कि मानसरोवर पार्क में हाल ही में नई सड़क बनी थी, गेल अब इसे खोदने पहुंच गई है। कुछ समय पहले ही उन्होंने नगर आयुक्त को पत्र दिया था कि पार्षदों को जानकारी देकर कार्य हो लेकिन उस पत्र का भी कोई असर नहीं हुआ। सात को मेरठ पहुंचेगा चेतना रथ
मेरठ। संयुक्त संघर्ष संचालन समिति उप्र द्वारा पुरानी पेंशन बहाली की मांग को लेकर चल रहा चेतनारथ सात दिसंबर को मेरठ पहुंचेगा। मेरठ की सीमा में आने पर मोहिउद्दीनपुर में सुबह 10 बजे संगठन के पदाधिकारियों व शिक्षकों द्वारा स्वागत किया जाएगा। चेतना रथ भूड़बराल से बाईपास, रोहटा रोड, कैंट, सदर बाजार, शहीद स्मारक, जली कोठी, थापरनगर, बच्चा पार्क होते हुए कमिश्नरी चौराहा पहुंचेगा। इसके बाद चौधरी चरण सिंह पार्क में एक सभा का आयोजन सुबह 11 से दोपहर तीन बजे तक किया जाएगा। मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन डीएम के माध्यम से भेजा जाएगा। संयोजक विजय कुमार यादव व अध्यक्ष जयवीर सिंह ने यह जानकारी दी।