व्यापारियों की आपसी खींचतान में अटकी दीपावली की सजावट
बेगमपुल व्यापार संघ के वर्तमान और पूर्व पदाधिकारियों में रार है। संगठन के संरक्षक ने भी मामले में मौन साधे हुए हैं।
मेरठ,जेएनएन। बेगमपुल व्यापार संघ के वर्तमान और पूर्व पदाधिकारियों में खींचतान के चलते इस बार बाजार में दीपावली की सजावट अधर में लटक गई है। पूर्व पदाधिकारी नई कार्यकारिणी को बैंक खाते के अधिकार हस्तांतरित नहीं कर रहे हैं। संगठन के संरक्षक भी मामले में मौन साधे हुए हैं। बेगमपुल बाजार में गत वर्ष कोरोना की लहर के दौरान भी सजावट की गई थी। व्यापारियों ने इसे बाजार की परंपरा बताया था। इस बार जब स्थितियां सामान्य हो रही हैं तो व्यापारी नेताओं में मनमुटाव के चलते सजावट को लेकर अभी तक कोई तैयारी नहीं है।
छह माह से चल रही खींचतान
शहर के प्रतिष्ठित 175 व्यापारियों की सदस्यता वाले व्यापार संघ में कोरोना काल की दूसरी लहर के दौरान नए व्यापार संघ का गठन हुआ था। इसमें अध्यक्ष अशोक माहेश्वरी, महामंत्री दीपेंद्र गुप्ता और कोषाध्यक्ष राकेश कुमार गोयल नियुक्त हुए थे। कार्यकारिणी का गठन होने के बाद भी पूर्व अध्यक्ष राजेश सिंघल ने बैंक खाते के अधिकार नई टीम को नहीं दिए। बिना धन के नई टीम सिर्फ नाम की है। बाजार में किसी भी प्रकार के सौंदर्यीकरण या किसी कार्यक्रम के आयोजन के लिए धन खर्च करने का अधिकार ही नहीं है। इसको लेकर अशोक माहेश्वरी ने संरक्षकों को पत्र भी लिखा था। सुनवाई न होने पर इस्तीफे भी भेज दिए थे। पर संरक्षकों ने इस्तीफा अस्वीकार करते हुए पद पर बने रहने के लिए कहा। लेकिन खर्च करने के अधिकार को दिलाने की बाबत चुप्पी साधे रहे। इसी का परिणाम है कि इस बार दीपावली की सजावट अधर में लटक गई है।
संरक्षकों में भी मतभेद
बेगमपुल व्यापार संघ में कोई भी निर्णय लेने के लिए तीन संरक्षक हैं। वर्तमान में संरक्षकों में भी एक राय नहीं है। संरक्षक अनिल मित्तल ने कहा है कि बाजार में दीपावली पर सजावट होगी, जबकि मुकुल सिंघल ने कहा कि इस बार कोरोना के चलते सजावट नहीं हो पाएगी।
------------------------- बाजार में सजावट को लेकर व्यापारियों में उत्साह
जागरण संवाददाता, मेरठ: दीपावली की सजावट को लेकर आबूलेन व्यपार संघ की मंगलवार को बैठक होगी। अध्यक्ष नरेंद्र सिंह ने कहा कि प्रशासन से वार्ता कर बाजार में सामूहिक सजावट का निर्णय लिया जाएगा। व्यापारी अपने स्तर से दुकानें सजाएंगे। सेंट्रल मार्केट में पिछले दो साल से सजावट नहीं हुई है। अध्यक्ष किशोर वाधवा ने बताया कि बाजार में रौनक बढ़ गई है। व्यापारियों में उत्साह है। इस बार सजावट की जाएगी। वहीं, सदर बाजार व्यापार मंडल के महामंत्री अमित बंसल हनुमान चौक से लेकर पंजाब ज्वैलर्स तक बाजार को सजाया जाएगा। चौराहों पर गणेश जी की मूर्ति रखी जाएंगी।