Double Murder in Meerut: दो भाइयों की हत्या का राजफाश, प्रधानी चुनाव व क्रिकेट के विवाद में की गई हत्या
मुंडाली थाना क्षेत्र में दो भाईयों की हत्या का विवाद अब सामने आया है। जहां पर प्रधानी के चुनाव व क्रिकेट के विवाद में हत्या की गई। अब दस लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
मेरठ, जेएनएन। मुंडाली थानाक्षेत्र के जसोरा में दोहरे हत्याकांड के पीछे प्रधान का चुनाव और क्रिकेट का विवाद सामने आ रहा है। पूर्व में अजवर पक्ष ने भी चुनाव लड्ऱा था, जबकि तीन दिन पहले असजद का दूसरे पक्ष के युवकों से क्रिकेट खेलने के दौरान विवाद हुआ था। तब गांव के लोगों ने मामले को शांत करा दिया था।
ग्रामीणों ने बताया कि पूर्व में अजवर पक्ष ने भी चुनाव लड़ा था, लेकिन वह हार गए थे। इसको लेकर पूर्व प्रधान न्याज अहमद पक्ष से उनकी रंजिश हो गई थी। कई बार इसको लेकर दोनों पक्ष आमने-सामने आ चुके हैं। तीन दिन पहले असजद गांव में ही क्रिकेट खेल रहा था। दूसरे पक्ष के युवक भी खेल रहे थे। इस दौरान दोनों में कहासुनी हो गई थी। तब तो गांव के ही लोगों ने मामला शांत करा दिया था। वहीं, आरोपित पक्ष के लोग घरों पर ताला लगाकर फरार हो गए।
आए और गोलियों से भून दिया
परिजनों ने बताया कि अजवर और असजद व अन्य घर के पास ही बैठे थे। तभी दूसरे पक्ष के लोग आए और क्रिकेट मैच के हुए विवाद को लेकर कहासुनी की। उनके साथ आए हमलावरों ने फायरिंग कर दी। खालिक की मौके पर मौत हो गई व बड़े भाई माजिद की अस्पताल ले जाते समय जान चली गई।
गिरफ्तारी की मांग पर अड़े
दो जवान बेटों की मौत के बाद परिजन बे-सुध हो गए थे। पुलिस के पहुंचने के बाद वह आरोपितों की गिरफ्तारी की मांग पर अड़ गए थे। उनका कहना था कि शव पोस्टमार्टम को तब भेजे जाएं, जब आरोपितों की गिरफ्तारी हो जाए।
बाप-बेटा पकड़े, 10 नामजद
एसपी देहात अविनाश पांडेय ने बताया कि हत्याकांड में आरोपित पूर्व प्रधान न्याज अहमद व उसके बेटे अबु बकर को पकड़ा है। दस के खिलाफ नामजद तहरीर दी है।