Unlock-1: मेरठ को क्या और कितनी छूट मिलेगी, कल होगा तय, DM बताएंगे नई गाइडलाइन Meerut News
देशभर में अनलॉक-1 के तहत कुछ न कुछ रियायत मिल गई है लेकिन मेरठ को फिलहाल कोई राहत मिलती नजर नहीं आ रही है। डीएम इस बारे में मंगलवार को बताएंगे।
मेरठ, जेएनएन। Unlock-1 देशभर में अनलॉक-1 के तहत कुछ न कुछ रियायत मिल गई है, लेकिन मेरठ को फिलहाल कोई राहत मिलती नजर नहीं आ रही है। पहले केंद्र और फिर राज्य सरकार द्वारा जारी गाइडलाइन के बाद जिला प्रशासन ने अगले दो दिन तक पुरानी व्यवस्था ही रखने का निर्णय लिया है। डीएम अनिल ढींगरा का कहना है कि प्रदेश सरकार की गाइडलाइन के अध्ययन के बाद मंगलवार को मेरठ की स्थिति स्पष्ट की जाएगी।
आज पूर्ण लॉकडाउन का पालन
ऐसे में सोमवार को शहरवासियों को पूर्ण लॉकडाउन का पालन करना होगा। इधर, बड़ी संख्या में मरीजों के ठीक होने और रेड जोन के ग्रीन जोन में तब्दील होने की स्थिति में कंटेनमेंट जोन का पुनर्निधारण हो सकता है। अगर ऐसा हुआ तभी मेरठ को लाभ मिलेगा। यह जिला प्रशासन पर निर्भर करता है कि वह नई गाइडलाइन में मेरठ को कितनी छूट देता है।
अध्ययन के बाद ही निर्णय
केंद्र और प्रदेश सरकार ने अनलॉक-1 के तहत तमाम गतिविधियों के लिए भले ही गाइडलाइन जारी कर दी हो, लेकिन जिला प्रशासन इन गतिविधियों को शुरू करने के लिए तैयार नहीं है। जिला प्रशासन का कहना है कि राज्य सरकार के दिशा निर्देशों का अध्ययन के बाद ही निर्णय लिया जाएगा। मेरठ में रोजाना नई चेन मिलने से अधिकारी आशंकित हैं। संक्रमण के शिकार मोहल्लों और क्षेत्रों की संख्या बढ़ती जा रही है। इन हालात में शहर का कंटेनमेंट जोन क्षेत्र कम कर पाना मुश्किल है।
कल साफ होगी स्थिति
डीएम अनिल ढींगरा ने बताया कि सोमवार को जनपद में पूर्ण लॉकडाउन है। दूध और दवा की दुकानों के अलावा सब कुछ बंद रहेगा। स्वास्थ्य विभाग की संस्तुति के आधार पर प्रदेश सरकार जनपदों का ग्रीन, आरेंज और रेड जोन निर्धारित करेगी। उक्त निर्धारण की प्रतीक्षा की जा रही है। मेरठ जनपद अभी रेड जोन में है। यदि जनपद की श्रेणी बदल जाती है तो जनता को राहत मिल सकती है। संक्रमण के चलते पूरा नगर निगम और छावनी क्षेत्र कंटेनमेंट जोन है। मंडी के बाद पीएसी और अब नगर निगम कर्मचारी की नई चेन सामने आई है। इन हालात में शहर में कंटेनमेंट जोन की सीमा कम नहीं की जा सकती। बताया कि शहर में अनलॉक-1 के तहत छूट मिल पाना मुश्किल है। कल तक स्थिति स्पष्ट होगी। तब तक प्रतिबंध लागू रहेंगे।
चार वार्ड को कंटेनमेंट जोन से बाहर
जिला प्रशासन ने दिल्ली रोड पर मेवला फ्लाईओवर से आगे नगर निगम के चार वार्ड को कंटेनमेंट जोन से बाहर किया है। रैपिड रेल, मेरठ-दिल्ली एक्सप्रेस-वे, आइटी पार्क और डेडीकेटेड फ्रेट कॉरीडोर समेत तमाम कार्य भी शुरू हो गए हैं। केंद्र सरकार और प्रदेश सरकार की अनलॉक-1 की गाइडलाइन के मुताबिक प्रथम चरण में आठ जून से कंटेनमेंट जोन के बाहर के क्षेत्रों में होटल रेस्टोरेंट और अतिथि सत्कार की सेवाएं शुरू होंगी, शॉपिंग मॉल खुलेंगे। शॉपरिक्स मॉल भी कंटेनमेंट जोन से बाहर हैं। यहां होटल और रेस्तरां भी हैं। डीएम ने बताया कि दो-तीन दिनों में निर्णय ले लिया जाएगा। नई गाइडलाइन में नाइट कफ्यरू रात 9 बजे से सुबह 5 बजे तक कर दिया गया है। नाइट कफ्यरू का समय गाइडलाइन के मुताबिक बदला जाएगा।