दीपावली ने दी गति, सहालग की मिली सौगात
दीपावली पर लोगों ने जमकर खरीदारी की। इसी दौरान मांगलिक कार्य शुरू होने से कैटरर्स फूलों की सजावट करने वाले व बैंड-बाजा संचालकों के व्यापार को भी गति मिली है।
मेरठ, जेएनएन। दीपावली पर लोगों ने जमकर खरीदारी की। इसी दौरान मांगलिक कार्य शुरू होने से कैटरर्स, फूलों की सजावट करने वाले व बैंड-बाजा संचालकों के व्यापार को भी गति मिली है। पर्व के बाद सहालग शुरू होने से करोबार और अच्छा रहने की उम्मीद है। पहले जहां लोग कैटरर्स के पास विवाह व अन्य बड़े कार्यक्रमों का ही आर्डर लेकर जा रहे थे, वहीं अब उनके पास छोटा काम भी आ रहा है। फूलों की सजावट के काम में भी ज्योति पर्व से रौनक बढ़ी है। फ्लावर डेकोरेटर रमेश चंद्र ने बताया कि दीपावली पर बाजार में उम्मीद से अधिक ग्राहक आए।
इन्होंने कहा-
बैंड-बाजा का काम करने वालों के पास भी अच्छी बुकिंग आ रही हैं। 23 नवंबर से 10 दिसंबर के बीच में पड़ने वाले करीब दस से 11 मुहूर्तो पर महानगर में एक करोड़ से अधिक का कारोबार रहने की उम्मीद है। इससे सभी का उत्साह बढ़ा है।
महेंद्र कुमार, प्रदेश अध्यक्ष, बैंड बरात वेलफेयर एसोसिएशन
25 नवंबर से 10 दिसंबर के बीच में ही करीब दस आर्डर मिले हैं। अनलाक प्रक्रिया के साथ बुकिंग शुरू हो गई थी, लेकिन उसमें तेजी नहीं आई थी। अब पर्व के बाद से छोटा काम भी मिलना शुरू हो गया है। आने वाले समय में और बेहतर की आशा है।
सनी शर्मा, कैटरर्स
दीपावली के बाद से बुकिंग के अलावा छोटे काम में तेजी आई है। दिल्ली में फिर से सख्ती होने की खबर से कुछ लोगों में असमंजस की स्थिति बनी है। इसके बाद भी आर्डर आ रहे हैं। पिछले दो-तीन महीने से स्थिति काफी बेहतर हुई है।
-रमेश चंद्र, फ्लावर डेकोरेटर