जिला पंचायत अध्यक्ष चुनाव: भाजपा कार्यकर्ता पर जानलेवा हमला करने वाला BJP में शामिल
पंचायत अध्यक्ष बनाने की दिशा में भाजपा अपना खेमा मजबूत कर रही है। बुधवार को क्षेत्रीय कार्यालय पर पहली बार बड़े चेहरों ने बैठककर इस चुनाव की रणनीति बनाई साथ ही वार्ड-25 से बसपा के समर्थन से जीते अरुण चौधरी को भाजपा ज्वाइन कराया।
मेरठ, जेएनएन। पंचायत अध्यक्ष बनाने की दिशा में भाजपा अपना खेमा मजबूत कर रही है। बुधवार को क्षेत्रीय कार्यालय पर पहली बार बड़े चेहरों ने बैठककर इस चुनाव की रणनीति बनाई, साथ ही वार्ड-25 से बसपा के समर्थन से जीते अरुण चौधरी को भाजपा ज्वाइन कराया। पिछले दिनों अरुण व उसके दोस्तों की सोशल मीडिया पर एक कार्यकर्ता के पीछे पिस्टल लेकर भागने व जानलेवा हमला करने की वीडियो वायरल हुई थी। जिसके बाद मुकदमा दर्ज किया गया था।
भाजपा ने गौरव कुसेड़ी को पंचायत अध्यक्ष का प्रत्याशी बनाया है। संगठन और जनप्रतिनिधियों में अभी तक खामोशी बनी हुई थी। बुधवार को पहली बार पार्टी के दिग्गजों का क्षेत्रीय कार्यालय पर जमावड़ा हुआ। पश्चिम व ब्रज प्रांत के संगठन मंत्री कर्मवीर की उपस्थिति में पार्टी ने वार्ड 25 के जिला पंचायत सदस्य अरुण चौधरी को ज्वाइन कराया। इस दौरान सांसद राजेंद्र अग्रवाल, विधायक सत्यवीर त्यागी, जितेंद्र सतवाई व दिनेश खटीक सहित काफी संख्या में भाजपा नेता मौजूद रहे।
पुलिस जिसे ढूंढ रही थी, वह भाजपा कार्यालय में मिला
इंचौली थाना क्षेत्र के मसूरी गांव में जिला पंचायत सदस्य अरुण चौधरी व उसके दोस्त ईशु ने भाजपा कार्यकर्ता इंद्रजीत सिंह पर जानलेवा हमला किया था। इस में मुकदमा भी दर्ज है। वायरल तस्वीर में जिपं सदस्य पिस्टल लेकर भाजपा कार्यकर्ता के पीछे भागता नजर आ रहा था।
शामिल करा लिया, लेकिन वोट नहीं मिलेंगे
सपा नेता अतुल प्रधान का कहना है कि भाजपा जिला पंचायत का चुनाव प्रभावित करने के लिए अब उन्हें भी शामिल करा रही है जिन्हें गलत कहती थी। भाजपा में आकर आपराधिक व्यक्ति पवित्र हो रहा है। जिन पर मुकदमा है उन्हें डरा धमकाकर लाने में पुलिस भी सहयोग कर रही है। कहा कि सांसद, विधायक व पार्टी के नेताओं ने उन्हें शामिल करा लिया जिन्हें पुलिस खुद ढूंढ रही थी। अब पुलिस की नजर उन पर नहीं पड़ेगी। कहा कि भाजपा ने जिन दो सदस्यों को शामिल कराया है उनके वोट नहीं मिलने वाले।