जागते रहो, न्याय का दिन कभी भी आ सकता है
क्रिसमस का पहला एडवंट संडे मनाया गया। कोरोना संक्रमण के चलते चर्चो में कोई बड़ा कार्यक्रम आयोजित नहीं हुआ।
मेरठ, जेएनएन। क्रिसमस का पहला एडवंट संडे मनाया गया। कोरोना संक्रमण के चलते चर्चो में कोई बड़ा कार्यक्रम आयोजित नहीं हुआ। बच्चा पार्क स्थित सेंट थामस चर्च में धन्यवाद प्रार्थना हुई। फादर पारितोष नोएल ने बताया कि चर्च आफ नार्थ इंडिया का 50वां स्थापना वर्ष भी मनाया गया। कहा कि इस बार बच्चों और बुजुर्गो को चर्च आने से मना किया गया है। वहीं, उनके लिए होने वाले आयोजन भी इस बार नहीं होंगे। बच्चों और बुजुर्गो को उनके घरों पर ही उपहार देने की व्यवस्था की जा रही है।
रुड़की रोड स्थित सेंट जोजफ चर्च में सुबह दोपहर और शाम को तीन बार प्रार्थना हुई। फादर ने आगमन काल के पहले रविवार को आशा के विषय पर संदेश दिया। फादर चिमन ने कहा कि प्रभु यीशु का दूसरा अवतार कभी भी हो सकता है। इसके लिए हमें अपने को आत्मिक रूप से तैयार रखना होगा। दूसरे अवतरण को डे आफ जजमेंट (न्याय का दिवस) भी कहा जाता है। इस अवसर पर अलग-अलग रंग की पांच मोमबत्तियों और पुष्पचक्र की आशीष दी गई। इसमें पहली मोमबत्ती को प्रज्वलित किया गया। इसका तात्पर्य है कि प्रभु हमें अंधेरे से उजाले की ओर ले चलें। सिविल लाइन स्थित सिटी मैथोडिस्ट चर्च में ब्रदर ललित स्टीफ ने पवित्र ग्रंथ बाइबिल का पाठ किया। क्वायर ग्रुप ने भजन गाए। महेंद्र सिंह, सुरेश शास्त्री, जोन जोजफ, अभिनव पीटर, मार्शल मैसी, सुशील मसीह आदि मौजूद रहे।
पांच घंटे गुल रही बिजली : शताब्दी नगर में बिजली लाइन का पैनल काफी समय से खराब था। इस वजह से फाल्ट होने की स्थिति पता नहीं हो पा रही थी। अब इसके स्थान पर न्यूमेरिकल पैनल लगाया गया है। इससे फाल्ट की स्थिति जल्द पता चल सकेगी। अधिशासी अभियंता विद्युत पारेषण राहुल नंदा ने बताया कि पैनल बदलने के लिए शटडाउन दो घंटे का लिया गया था, लेकिन समय अधिक लग गया। सुबह से शाम तक शारदा रोड व हापुड़ रोड की बिजली बाधित रही। इससे सुपरटेक ग्रीन विलेज, पामग्रीन, मोहकमपुर, ब्रह्मापुरी, शारदा रोड, भगवती कुंज समेत लगभग दो दर्जन मोहल्ले प्रभावित रहे।