झारखंड में सीआरपीएफ के जवान ने गोली मारकर की खुदकुशी
किठौर के छुछाई गांव निवासी सीआरपीएफ के जवान सोमपाल सिंह ने झारखंड के बिशनपुर थाना क्षेत्र के बनारी पिकेट में राइफल से गोली मारकर खुदकुशी कर ली।
मेरठ, जेएनएन। किठौर के छुछाई गांव निवासी सीआरपीएफ के जवान सोमपाल सिंह ने झारखंड के बिशनपुर थाना क्षेत्र के बनारी पिकेट में राइफल से गोली मारकर खुदकुशी कर ली। स्वजन ने संदिग्ध मौत बताकर जांच की मांग की है। शुक्रवार देर रात तक उनके पार्थिव शरीर के गांव पहुंचने की उम्मीद है। उधर, एसपी एचपी जनार्दन का कहना है कि यदि साथी जवान से कोई विवाद हुआ होगा तो मामला जल्द ही सामने आ जाएगा। मृतक को राइफल नहीं दी गई थी। उसने साथी से राइफल लेकर खुद को गोली मारी है।
झारखंड का गुमला जिला घोर नक्सल प्रभावित है। जिले के बिशुनपुर थाना के बनारी पिकेट पर सीआरपीएफ 158 बी बटालियन तैनात है। पिकेट पर किठौर के छूछाई गांव निवासी 40 वर्षीय सिपाही सोमपाल सिंह सितंबर 2020 से तैनात थे। गुरुवार रात उन्होंने राइफल से गोली मारकर आत्महत्या कर ली। इसकी जानकारी सीआरपीएफ के अधिकारियों ने गुरुवार रात 9:45 बजे फोन पर स्वजन को दी थी। बताया गया है कि गुरुवार को सोमपाल सिंह ने अपने साथियों के साथ वालीबाल मैच खेला। इसके बाद वह बनारी कैंप में ही अपने एक साथी की जन्मदिन की पार्टी में शामिल हुए। पार्टी के बाद रात 9.30 बजे अपने कमरे में जाकर गोली मारकर आत्महत्या कर ली। स्वजन का कहना है कि सोमपाल ने आत्महत्या क्यों की, इसका अभी पता नहीं चला है। बताया कि अधिकारी पार्थिव शरीर के साथ शुक्रवार दोपहर करीब 2 बजे दिल्ली के लिए रवाना हो चुके हैं। सीआरपीएफ सीओ आशुतोष का कहना है कि जवान ने सुसाइड किया है। जांच के बाद ही सही कारणों का पता चल पाएगा। मोबाइल डिटेल को जांच के दायरे में रखा गया है। जवान के जबड़े में तीन गोलियां लगी है। राइफल आटोमैटिक थी।
बीस दिन पूर्व ही ड्यूटी पर गए थे
बड़े भाई मांगेराम ने बताया कि सोमपाल 4 फरवरी को छुट्टी बिताकर ड्यूटी पर गए थे। सोमपाल चार बहन भाइयों में मझला था। वह 2004 में भर्ती हुए थे। उसी वर्ष मेरठ के पास स्थित दादरी से उसकी शादी हुई थी। सोमपाल का 13 साल बेटा अक्षित कक्षा आठ में और 11 वर्षीय बेटी आयुषी सातवीं में पढ़ती है। घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है और गांव में मातमी सन्नाटा पसरा है। सोमपाल की मौत की खबर सुनकर पत्नी नीतू बेसुध है। मां राम प्यारी का रो-रोकर बुरा हाल है।
रात में हुई थी बहनोई से बात,अवसाद में नहीं थे सोमपाल
बहनोई नीरज निवासी नोएडा ने बताया कि गुरुवार रात लगभग साढ़े आठ बजे फोन पर उनकी सोमपाल से लगभग 28 मिनट बात हुई थी। उन्होनें जल्द ही नोएडा में पोस्टिंग होने की बात बताई थी। उन्होंने पूरे दिन की दिनचर्या बताते हुए कहा था कि लगभग 150 किमी बाइक चलाने के कारण थकने हो जाती है। नीरज ने बताया कि उन्हें अवसाद जैसी कोई बात नहीं लगी।