Crime News: बुलंदशहर में सरेराह महिलाओं और युवतियों से छेड़छाड़ करते तीन आरोपित गिरफ्तार
बुलंदशहर में बीते कुछ दिनों से शोहदों के द्वारा महिलाओं-युवतियों से छेड़छाड़ करने व सरेराह फब्तियां कसने की शिकायतें आ रही थी। शुक्रवार शाम को भी इस तरह की एक शिकायत आई। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए तीन आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया।
बुलंदशहर, जागरण संवाददाता। बुलंदशहर में युवतियों और महिलाओं से छेड़छाड़ करने वाले शोहदों के खिलाफ पुलिस का अभियान ठंडे बस्ते में जा चुका था। लेकिन, शुक्रवार शाम को लगातार आ रही छेड़छाड़ की शिकायतों के बाद देहात कोतवाली पुलिस ने अभियान चलाया और गंगेरूआ पुल के पास से तीन शोहदों को छेड़छाड़ करते हुए दबोच लिया।
लगातार आ रही थीं शिकायतें
देहात कोतवाल अरुणा राय ने बताया कि क्षेत्र में बीते कुछ दिनों से शोहदों के द्वारा महिलाओं-युवतियों से छेड़छाड़ करने व सरेराह फब्तियां कसने की शिकायतें आ रही थी। शुक्रवार शाम को भी इस तरह की एक शिकायत आई। जिसके बाद महिला उपनिरीक्षक बिमला कुमारी के निर्देशन में अभियान चलाया गया। जिसके तहत उन्होंने गंगेरूआ पुल के पास से तीन शोहदों को महिलाओं व युवतियों से छेड़छाड़ करते हुए रंगेहाथ दबोच लिया।
आरोपितों को भेजा जेल
इस दौरान आरोपितों की शिनाख्त लाखन निवासी गांव अहमदपुर थाना कोतवाली देहात, जितेंद्र निवासी ओम फैमिली ढाबा खुर्जा रोड कोतवाली देहात और सचिन निवासी गांव चांदपुर थाना कोतवाली नगर के रूप में हुई। देहात कोतवाल ने बताया कि तीनों आरोपितों का चालान कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।
विवाहिता की हत्या का प्रयास
बुलंदशहर नगर कोतवाली क्षेत्र निवासी एक महिला का उसके ससुरालीजनों ने दहेज की मांग पूरी न होने पर उत्पीडऩ किया। साथ ही आरोपियों ने मारपीट करते हुए उसका गला दबाकर हत्या की कोशिश भी की। नगर कोतवाली पुलिस ने तहरीर के आधार पर पांच नामजद आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच पड़ताल शुरू कर दी है। नगर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला सरायकाजी निवासी हबीब पुत्र मजीद ने तहरीर देकर बताया कि उन्होंने अपनी पुत्री रूबीना का निकाह कुछ समय पूर्व गौतमबुद्धनगर के दादरी थाना क्षेत्र के मोहल्ला नई आबादी निवासी युवक इरशाद के साथ की थी।
पुलिस ने शुरू की जांच
निकाह में हैसियत से अधिक दान दहेज भी दिया। लेकिन आरोपित ससुरालीजन उससे संतुष्ट नहीं थे। वह दहेज में नकदी व कार की मांग कर रहे थे। मांग पूरी न होने पर उनकी पुत्री का उत्पीडऩ किया जा रहा था। आरोप है कि बीते दिनों आरोपी ससुरालीजनों ने उनकी पुत्री के साथ जमकर मारपीट की और गला दबाकर हत्या की कोशिश की। इसके बाद पीडि़ता अपने मायके में आकर रहने लगी। नगर कोतवाल अखिलेश कुमार त्रिपाठी ने बताया कि मामले में तहरीर के आधार पर आरोपी इरशाद, जमीला, नौसाद, दिलशाद और फजलू के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच पड़ताल शुरू कर दी है।