Crime In Meerut: मेरठ में लूट में विफल होने पर गुड़ व्यापारी को मारी गोली, हालत गंभीर
मेरठ में अपराध की वारदातों पर अंकुश नहीं लग पा रह है। शुक्रवार को दिन निकलते ही यहां कस्बा परीक्षितगढ़ में बाइक सवार दो बदमाशों ने एक व्यापारी को गोली मार दी। घायल अवस्था में व्यापारी को मेरठ के अस्पताल में भर्ती कराया है।
मेरठ, जेएनएन। Crime In Meerut मेरठ शहर और आसपास के कस्बों में बदमाशों बेखौफ होकर वारदातों को अंजाम दे रहे हैं। इन अपराधियों में पुलिस का जरा भी भय नहीं रहा। मवाना के परीक्षितगढ़ कस्बे में शुक्रवार सुबह बाइक सवार दो बदमाशों ने कैश से भरा बैग लूटने में विफल होने पर गुड़ व्यापारी को गोली मार दी। गोली पीठ में लगी लेकिन व्यापारी ने बैग नहीं छोड़ा। उधर, गोली की आवाज सुनकर घरों से बाहर निकले लोगों से घिरता देख बदमाश फायरिंग करते हुए फरार हो गए। स्वजन व व्यापारियों ने उसे गंभीर अवस्था में मेरठ के आनंद हॉस्पिटल में भर्ती कराया है। वहीं एडीजी राजीव सभरवाल भी व्यापारी घायल को आनंद अस्पताल में देखने पहुंचे।
व्यापारी ने नहीं छोड़ा बैग
कस्बे के गुडमंडी निवासी 50 वर्षीय सुनील गुप्ता गुड व्यापारी हैं। घर से करीब डेढ़ सौ मीटर दूरी पर दुकान है। सुनील गुप्ता रोज की तरह शुक्रवार सुबह करीब 7:00 बजे पैदल ही दुकान जा रहे थे। जैसे ही कुछ दूरी पर चले बाइक सवार दो बदमाशों ने तमंचे के बल पर हाथ में लिया। करीब साढ़े चार लाख से भरा बैग लूटने का प्रयास किया। जब व्यापारी ने बैग नहीं छोड़ा तो बाइक पर पीछे बैठे बदमाश ने गोली मार दी जो व्यापारी की पीठ में लगी। उधर, गोली की आवाज से घरों से निकले लोगों से घिरता देख कर बदमाश फायरिंग करते हुए फरार हो गए। लोगों ने उसे मेरठ के आनंद हॉस्पिटल में भर्ती करा। सीओ सदर देहात बृजेश कुमार व थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस घटना की जांच करते हुए बदमाशों की तलाश में जुट गई है। आला अफसरों ने भी मौके पर पहुंचकर घटना की जानकारी ली।