COVID-19 in Meerut: कोरोना से सोफिया की पूर्व शिक्षिका की मौत, एक दिन में 100 से ज्यादा मरीज
कोरोना संक्रमण को लेकर हालात बिगड़ते जा रहे हैं। तीन माह बाद एक दिन में सौ से ज्यादा मरीज मिले हैं वहीं सोफिया गर्ल्स कॉलेज की पूर्व शिक्षिका का निधन हो गया है। जिसके बाद प्रशासन अलर्ट हो गया है।
मेरठ, जेएनएन। कोरोना संक्रमण को लेकर हालात बिगड़ते जा रहे हैं। तीन माह बाद एक दिन में सौ से ज्यादा मरीज मिले हैं, वहीं सोफिया गर्ल्स कॉलेज की पूर्व शिक्षिका का निधन हो गया है। जिसके बाद प्रशासन अलर्ट हो गया है। सभी विभागों की मदद से कोरोना नियंत्रण की योजना बनाई जा रही है। डीएम के. बालाजी ने सीएमओ डा. अखिलेश मोहन के साथ देर रात तक बैठक कर रणनीति बनाई।
मंगलवार को 6128 सैंपलों को जांच के लिए भेजा गया, जिसमें 108 में कोरोना की पुष्टि हुई। 28 मरीजों को डिस्चार्ज किया गया, जबकि 368 मरीज होम आइसोलेशन में इलाज ले रहे हैं। उधर, मेडिकल कालेज के कोविड वार्ड में भर्ती मरीजों की संख्या 30 पहुंच गई, जिसमें नौ आइसीयू में रखे गए हैं। डा. धीरज राज ने बताया कि किसी मरीज की स्थिति गंभीर नहीं है। वेंटीलेटर पर कोई नहीं है। मरीजों के लिए आवश्यक दवाएं उपलब्ध हैं। बता दें कि इससे पहले पिछले साल 11 दिसंबर को कोरोना मरीजों का आंकड़ा 100 के पार गया था।
सोफिया की पूर्व शिक्षिका नीता अरोरा का कोरोना से निधन
सोफिया गल्र्स स्कूल में दो दशक से अधिक सेवा के बाद सेवानिवृत्त हुईं शिक्षिका नीता अरोरा कोरोना से जीवन की जंग हार गईं। कुछ वर्षो से नोएडा में परिवार के साथ रह रहीं नीता अरोरा का सोमवार को निधन हो गया। वह कुछ दिनों से कोविड-19 से पीड़ित थीं और इलाज चल रहा था। वह 72 वर्ष की थीं। उनके निधन की सूचना स्कूल और पुरातन छात्र सम्मेलन सोगम को मिली तो शोक की लहर दौड़ गई। सोगम की पदाधिकारी डा. श्रुति सहगल के अनुसार, स्व. नीता अरोरा मेरठ छावनी स्थित सोफिया गल्र्स स्कूल में वर्ष 1982 से कार्यरत थीं। इसी स्कूल में 25 साल तक सेवा पूरी करने के बाद वह सेवानिवृत्त हो गईं थीं। यहीं पर उन्होंने सिल्वर जुबली मनाई थी। इसके बाद नोएडा रहने चली गई थीं। इससे पहले उन्होंने करीब 10 साल कोटा में शिक्षण किया था। वह प्राइमरी सेक्शन में कक्षा चार व पांच की क्लास टीचर हुआ करती थीं। उनके निधन पर स्कूल की ¨प्रसिपल सिस्टर गेल व शिक्षक-शिक्षिकाओं और सोगम पदाधिकारियों ने शोक प्रकट किया है।
55 कर्मचारियों का हुआ टेस्ट
सोहराब गेट डिपो के 55 कर्मचारियों का कोरोना टेस्ट कराया गया। एआरएम राजीव यादव ने बताया कि सभी कर्मचारियों की रिपोर्ट निगेटिव आई है। बस अड्डे पर प्रवेश करने वाले हर व्यक्ति से मास्क लगा कर आने की हिदायत दी रही है। चालक परिचालकों को स्वयं मास्क लगाने और यात्रियों को मास्क लगाने के लिए प्रेरित करने के निर्देश दिए गए हैं।