बुलंदशहर : सामूहिक दुष्कर्म के मामले में अभियुक्तों को 20-20 वर्ष का कारावास
बुलंदशहर में एडीजीसी संजीव कुमार सिंह ने बताया कि अहमदगढ थाना क्षेत्र की एक महिला ने तहरीर में बताया था कि वह बुलंदशहर से अपनी बेटी के साथ घर लौट रही थी। गांव के बाहर पुलिया पर बाइक पर बैठकर शराब पी रहे तीन युवकों ने उन्हें रोक लिया।
बुलंदशहर, जागरण संवाददाता। अहमदगढ़ क्षेत्र में सात वर्ष पूर्व जहांगीराबाद क्षेत्र के दो युवकों ने एक किशोरी के साथ सामूहिक दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया था। गवाहों के बयान और साक्ष्यों के आधार पर कोर्ट ने अभियुक्तों को 20-20 साल की सजा सुनाई है।
यह है मामला
एडीजीसी संजीव कुमार सिंह ने बताया कि अहमदगढ थाना क्षेत्र की एक महिला ने 26 फरवरी 2015 को अहमदगढ थाना में दी तहरीर में बताया था कि वह बुलंदशहर से अपनी 17 वर्षीय बेटी के साथ घर लौट रही थी कि गांव के बाहर पुलिया पर बाइक पर बैठकर शराब पी रहे तीन युवकों प्रवीन कुमार, पुष्पेंद्र और सचिन कुमार निवासीगण गांव सुखुरू जहांगीराबाद ने उन्हें रोक लिया। सचिन ने महिला को तमंचे के बल पर रास्ते पर रोक लिया। किशोरी से प्रवीन और पुष्पेंद्र ने सामूहिक दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया। 23 अगस्त 2018 में पुष्पेंद्र और प्रवीन कुमार के खिलाफ चार्जशीट दाखिल की गई। चार गवाहों के बयान और मेडिकल रिपोर्ट जैसे साक्ष्यों के आधार पर अभियुक्त पुष्पेंद्र और प्रवीन कुमार को न्यायालय अपर सत्र न्यायाधीश अतिरिक्त न्यायाधीश पोक्सो अधिनियम तरूण कुमार सिंह ने 20-20 वर्ष का कारावास की सजा सुनाई। इसके साथ ही दोनों अभियुक्तों पर 20-20 हजार रुपये का अर्थदंड भी लगाया।
अवैध शराब समेत दो पकड़े
बुलंदशहर, जागरण संवाददाता। पहासू पुलिस ने 35 पव्वा शराब समेत दो आरोपितों को पकड़ लिया। जिनके खिलाफ मुकदमा दर्ज करते हुए कार्रवाई की गई। थाना प्रभारी एमके त्रिपाठी ने बताया कि रविवार रात पुलिस को अवैध रूप से शराब के पव्वे ले जाने की सूचना मिली। जिस पर पुलिस ने शिकारपुर मार्ग से नईम निवासी पठान टोला और खुर्जा मार्ग से अजय को पकड़ लिया। दोनों से पुलिस को 35 पव्वा देशी शराब बरामद हुई। थाना प्रभारी ने बताया कि दोनों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करते हुए कार्रवाई की गई है। उन्होंने बताया कि आगे भी लगातार चेङ्क्षकग की जाएगी।