मुजफ्फरनगर में लॉकडाउन तोड़ रही भीड़ ने पुलिस पर बोला हमला, दारोगा व दो सिपाही लहूलुहान
CoronaVirus Lockdown in UP मुजफ्फरनगर में लॉकडाउन का उल्लंघन करने से मना करने पर पुलिस पर भीड़ ने लाठी-डंडे व सरियों से जानलेवा हमला कर दिया।
मुजफ्फरनगर, जेएनएन। CoronaVirus Lockdown in UP : लॉकडाउन का उल्लंघन करने से मना करने पर पुलिस पर भीड़ ने लाठी-डंडे व सरियों से जानलेवा हमला कर दिया। हमले में एक दारोगा और दो कांस्टेबल गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को मेरठ रेफर कर दिया गया। बाद में पुलिस ने कई आरोपितों को हिरासत में लिया है।
उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर में लॉकडाउन के दौरान लोगों को घरों पर ही रहने की हिदायत दी जा रही है। बुधवार शाम करीब सात बजे भोपा थाना क्षेत्र के मोरना गांव में करहेड़ा मार्ग पर चौकी प्रभारी लेखराज सिंह मय फोर्स लॉकडाउन का पालन कराने को गश्त पर थे। तभी पूर्व प्रधान नाहर सिंह के घर के बाहर जमा लोगों को उन्होंने भीतर जाने को कहा। नहीं माने तो सख्ती बरती।
विरोध में पुलिस के साथ गाली-गलौज व हाथापाई की गई। इसके बाद आरोपितों ने पुलिस पर लाठी-डंडों व सरिये आदि से हमला बोल दिया। इसमें चौकी प्रभारी, कांस्टेबल रवि कुमार और जितेंद्र गंभीर रूप से घायल हो गए। एसपी देहात नेपाल सिंह, सीओ भोपा राममोहन शर्मा व कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपितों के घर दबिश देकर पूर्व प्रधान सहित कई महिलाओं को हिरासत में ले लिया। सीओ भोपा राममोहन शर्मा ने बताया कि मामले में पुलिस जांच कर आरोपितों पर कार्रवाई कर रही है। शीघ्र ही मुकदमा दर्ज कर आरोपितों को गिरफ्तार किया जाएगा।
मस्जिद पर जमा भीड़ हटाने गई पुलिस पर हमला
वहीं सहारनपुर में बेहट कोतवाली के जमालपुर गांव में लॉकडाउन का उल्लंघन कर मस्जिद पर एक लोगों को हिरासत में लेते ही भीड़ ने पुलिस पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। भीड़ ने हिरासत में लिये गए छह लोगों को छुड़ा लिया। इस हमले में दो पुलिसकर्मियों को चोट आई है। पुलिस ने पांच महिलाओं सहित 26 लोगों के खिलाफ लॉकडाउन का उल्लंघन करने की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है।
मंगलवार शाम पुलिस को सूचना मिली कि जमालपुर में मस्जिद के पास भीड़ एकत्र है। इसपर उपनिरीक्षक कंवरपाल सिंह व सुनील शर्मा मय फोर्स गांव पहुंच गये और वहां मौजूद लोगों में से छह को हिरासत में ले लिया। तभी महिला-पुरुषों की भीड़ लाठी-डंडे लेकर दौड़ पड़ी और पुलिस पर हमला कर दिया। दो पुलिसकर्मियों को चोट आई। भीड़ ने हिरासत में लिये गये सभी लोगों को पुलिस से छुड़ा लिया। खास बात यह है कि पुलिस ने मुकदमे में भीड़ के हमले का कोई जिक्र नहीं किया है। यही नहीं नामजद किये गये आरोपितों में नाजिर का नाम तीन बार और भूरा का नाम दो बार लिखा है। इंस्पेक्टर आनंद देव मिश्र ने हमले की घटना से इन्कार करते हुए लॉकडाउन के उल्लंघन की ही बात स्वीकारी है।