Coronavirus protection: दफ्तरों में सुरक्षा के अनोखे प्रयोग कर रहे हैं अधिकारी, इस तरह हो रहा शारीरिक दूरी का पालन
Coronavirus protection काेरोना वायरस की चेन तोड़ने और सुरक्षित स्वास्थ्य रहने के लिए अनोखा प्रयोग किया जा रहा है। विद्युत निगम के कैश काउंटरों पर एक मीटर की दूरी का पालन लिखवाया
मुजफ्फरनगर, जेएनएन। कोविड-19 महामारी को लेकर सरकारी दफ्तरों में भी सुरक्षा बरती जा रही है। अधिकारी दफ्तरों में शारीरिक दूरी का पालन करने के लिए अनोखे प्रयोग कर रहे हैं। विद्युत निगम के अधिशासी अभियंता तृतीय पंकज कुमार ने अपने कक्ष में ही रस्सी लगाकर शारिरिक दूरी का पालन करने का तरीका अपनाया है। इसके अलावा कई सरकारी कार्यालयों में बिना मॉस्क के प्रवेश नहीं के संदेश लिखे जा रहे हैं।
कोविड-19 महामारी जनपद में लगातार पैर पसार रही है। मंगलवार को भी एक महिला और दो बच्चों की रिपोर्ट पाॅजिटिव आई है। एक जून से तमाम सरकारी दफ्तरों में कार्य प्रारंभ हो गया है। ऐसे में पिछले दो माह से पब्लिक डिलिंग विभाग में शून्य थी, जो अब बढ़ने की आशंका अधिक है। काेरोना वायरस की चेन तोड़ने और सुरक्षित, स्वास्थ्य रहने के लिए अनोखा प्रयोग अपनाया जा रहा है। विद्युत निगम के कैश काउंटरों पर एक मीटर की दूरी का पालन लिखवाया गया है। नगर पालिका में बिना मॉस्क के प्रवेश नहीं देने की चेतावनी लिखी गई है। वहीं, विद्युत निगम के अधिशासी अभियंता तृतीय पंकज कुमार ने अपने कार्यालय में टेबल के समक्ष करीब डेढ़ मीटर की दूरी पर रस्सी बंधवा दी है, ताकि शारीरिक दूरी का पालन किया जा सके। बता दें कि हाल ही में विकास भवन तक कोरोना वायरस पहुंच गया था। जहां सभी अधिकारियों और कर्मचारियों का टेस्ट कराया गया है।