संविदा लाइनमैनों ने की हड़ताल, टेक्नीशियनों ने किया प्रदर्शन
संविदा लाइनमैनों की हड़ताल सोमवार को भी जारी रही।
मेरठ, जेएनएन। संविदा लाइनमैनों की हड़ताल सोमवार को भी जारी रही। कर्मियों ने ऊर्जा भवन में नारेबाजी की और अधिकारियों का घेराव किया। उधर, टेक्नीशियनों ने भी प्रदर्शन किया। मुख्य अभियंता को ज्ञापन दिया। उधर, इस हड़ताल से बिजली आपूर्ति में व्यवधान आया। कई क्षेत्रों में सुबह कई घंटे तक आपूर्ति नहीं हुई तो कुछ क्षेत्रों में वोल्टेज कम होने की दिक्कत हुई। संविदा लाइनमैनों की हड़ताल की वजह से आपूर्ति में व्यवधान पड़ने से स्थाई लाइनमैनों पर कार्य का दबाव बढ़ गया है।
टेक्नीशियनों के संगठन के जिलाध्यक्ष सुमित पाल ने बताया कि प्रदेश के टेक्नीशियनों ने फरवरी से आंदोलन प्रारंभ किया था। ऊर्जा मंत्री के आश्वासन के बाद भी मांगों पर सुनवाई नहीं हुई। विपुल कांबोज, कवितेंद्र बच्चन, कपिल देव गौतम ने संबोधित किया। बताया कि 25 अक्टूबर को ऊर्जा भवन व लखनऊ में शक्ति भवन का घेराव किया जाएगा। इसके साथ ही प्रतिदिन विरोध प्रदर्शन जारी रहेगा।
अनुसूचित समाज को साधेंगी बेबी रानी मौर्य : मेरठ : विधान सभा चुनावों को लेकर भाजपा जातीय समीकरणों को साधने में जुटी है। 27 अक्टूबर को जहां लखनऊ में भाजपा अनुसूचित मोर्चे का बड़ा सम्मेलन करेगी, वहीं मंगलवार को सीसीएसयू सभागार में अनुसूचित वर्ग की अहम बैठक होगी। उत्तराखंड की पूर्व राज्यपाल एवं राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बेबीरानी मौर्य मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगी, जबकि क्षेत्रीय अध्यक्ष मोहित बेनीवाल, राज्यसभा सदस्य काता कर्दम, अनुसूचित मोर्चा के क्षेत्रीय अध्यक्ष हंसराज जाटव व अन्य उपस्थित रहेंगे। अनुसूचित मोर्चा के क्षेत्रीय महामंत्री डा. हर्ष जाटव कार्यक्रम का संचालन करेंगे। कार्यक्रम संयोजक व अनुसूचित मोर्चो के महानगर अध्यक्ष विनय विरालिया ने बताया कि कार्यक्रम की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। मुख्य अतिथि बेबीरानी मौर्य बूथों एवं शक्ति केंद्रों पर काम करने वाले कार्यकर्ताओं का उत्साहवर्धन करेंगी।