कांग्रेस ने बढ़ाया 'हाथ', मुद्दे दिल्ली नहीं कार्यकर्ता करेंगे तय
गिने-चुने बंगलों और परिवारों तक सिमट गई कांग्रेस ने अब कार्यकताओं की तरफ हाथ बढ़ाया है। भरोसा दिया कि पार्टी कार्यकर्ताओ की सुनेगी। मेरठ
मेरठ, जेएनएन। गिने-चुने बंगलों और परिवारों तक सिमट गई कांग्रेस ने अब कार्यकताओं की तरफ हाथ बढ़ाया है। भरोसा दिया कि पार्टी कार्यकर्ताओ की सुनेगी। मुद्दे दिल्ली से नहीं जमीन से तय होंगे। कार्यकर्ताओं को संगठन में पद और विभिन्न चुनावों में टिकट मिलेंगे। इसके बदले में पार्टी ने कार्यकर्ताओं से वादा लिया है कि जनता से मुद्दों से ही नहीं दिल और भावनाओं से भी जुड़ें।
लंबे समय बाद कांग्रेस के किसी बड़े नेता ने कार्यकर्ताओं के दिल की बात सुनी। पूर्व केंद्रीय मंत्री जितिन प्रसाद रविवार को बुढ़ाना गेट स्थित जिला कार्यालय पर पहुंचे। वह इस समय प्रदेश कांग्रेस कमेटी की कार्यसमिति में विशेष आमंत्रित सदस्य हैं। उनके पहुंचने पर बारी-बारी से नए और पुराने चेहरों की ओर से शिकायतो और नसीहतों की झड़ी लग गई। जितिन प्रसाद ने फौरन चुटकी ली। बोले, जितनी भीड़ यहां दिख रही है, उतने ही वोट कांग्रेस को मिल जाते तो शायद यह दिन देखने को न मिलते। कहा कि पार्टी अब पुराने ख्यालों की नहीं रह गई है। यह कोई न सोचे कि युवाओं की ही पार्टी है, यह सभी लोगों के अनुभव व सहयोग से आगे बढ़ेगी। पुराने लोगों को किनारे नहीं किया जा रहा है। बाकी पार्टियो में तो घर बैठा दिया गया है।
कांग्रेस में अवसर है, बाकी हाउसफुल हैं
जितिन प्रसाद ने दिलासा दिया कि कार्यकर्ताओं की बातें वह नेतृत्व तक पहुंचाएंगे। वह लौटकर फिर आएंगे। कांग्रेस में छोटे पदों से लेकर सांसद बनने तक का अवसर है। अन्य पार्टिया तो हाउसफुल हैं। टिकट कार्यकर्ताओं को ही मिलेगा, उन्हें नहीं जो हर पार्टी में टिकट ले लेते हैं।
कई नेताओं के घर गए
जितिन प्रसाद का सुबह दैनिक जागरण चौराहे पर स्वागत हुआ। इसके बाद वह पूर्व मंत्री सुधीरकांत शर्मा समेत कांग्रेस के कई नेताओं के घर भी गए।