Coronavirus: कोविड19 पर सीएम की समीक्षा बैठक, मेरठ में कोरोना से मौत पर नियंत्रण बड़ी चुनौती Meerut News
Coronavirus मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मेरठ में कोरोना नियंत्रण के लिए जांच और इलाज पर संतोष जताया हालांकि मौत पर नियंत्रण को बड़ी चुनौती भी बताया।
मेरठ, जेएनएन। Coronavirus मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मेरठ में कोरोना नियंत्रण के लिए जांच और इलाज पर संतोष जताया, हालांकि मौत पर नियंत्रण को बड़ी चुनौती भी बताया। उन्होंने निर्देश दिया कि अफसर लगातार जुटे रहें। कोरोना संक्रमण पर नियंत्रण को लेकर यूपी बेहतर स्थिति में है, लेकिन कोरोना अभी गया नहीं है। सक्रियता में कमी न हो।
नियंत्रण के प्रयासों पर संतोष
गौतमबुद्धनगर में शनिवार को मुख्यमंत्री की समीक्षा बैठक से लौटकर कमिश्नर अनीता सी मेश्राम ने बताया कि मंडल के सभी जनपदों में कोरोना नियंत्रण के लिए किए गए प्रयासों की जानकारी उन्होंने मुख्यमंत्री के सामने पेश की। जून तक मौत का आंकड़ा मेरठ और गाजियाबाद में सबसे ज्यादा था। मुख्यमंत्री ने मेरठ मंडल में कोरोना नियंत्रण के प्रयासों पर संतोष जताया।
स्थिति में खासा सुधार
उन्होंने कहा कि दिल्ली से सटा होने के बावजूद यहां प्रभावी नियंत्रण किया गया। जून के मुकाबले जांच, इलाज, देखभाल, भोजन और कोरोना से मौत सभी की स्थिति में खासा सुधार है। मेरठ में कोरोना से मरीजों की मौत के आंकड़े को नियंत्रण में रखना चुनौती है। मुख्यमंत्री ने अफसरों को चेताया कि कोरोना अभी गया नहीं है। सभी अपनी जिम्मेदारियों में जुटे रहें। मरीजों को त्वरित इलाज उपलब्ध कराया जाए। मरीजों की दिन में कई-कई बार तापमान, ब्लड आक्सीजन व अन्य जांचें की जाएं। समय पर दवाईयां, अच्छा खाना दिया जाए।
मरीजों को दें टीवी और अखबार
मुख्यमंत्री ने कहा कि वार्ड में भर्ती मरीज का समय नहीं कट पाता। मनोरंजन के लिए टीवी और अखबार उपलब्ध कराया जाए। घूमने के लिए लॉबी में जगह हो।