मां की सेहत से जुड़ी है बच्चों की सेहत
बच्चों को चलते-फिरते खाने की आदत होती है सच है कि यह आदत सेहत के लिए लाभदायक है।
मेरठ, जेएनएन। बच्चों को चलते-फिरते खाने की आदत होती है, सच है कि यह आदत सेहत के लिए लाभदायक है। इससे बच्चों का पेट कभी खाली नहीं रहता। यदि कामकाजी महिलाएं भी स्वस्थ और सेहतमंद रहना चाहती हैं तो उन्हें भी यह आदत डाल लेनी चाहिए। यह जानकारी डायटीशियन डा. भावना गांधी ने दैनिक जागरण की ओर से आयोजित 'आओ खेल खेलें हम' और 'आओ बात करें' विशेष कार्यक्रम में दी। इसका आयोजन रविवार को पांडव नगर स्थित सरस्वती टावर में किया गया।
कार्यक्रम में उपस्थित कामकाजी और गृहिणियों को सेहत से भरपूर जानकारी दी गई। डा. भावना गांधी ने कहा कि महिलाएं अक्सर ऑफिस और घर के कामों में व्यस्त होने के कारण सही समय पर खाना नहीं खा पाती हैं, इसका सीधा असर उनकी सेहत पर पड़ता है। इसलिए जरूरी है कि वह छोटे बच्चों की तरह ही चलते-फिरते कुछ न कुछ खाती रहें। इसके अलावा रोजाना बादाम, अखरोट, मुनक्का खाना भी लाभदायक है।
वहीं, कार्यक्रम के अंत में महिलाओं ने सेहत की जानकारी प्राप्त करने के लिए खानपान संबंधी प्रश्न के उत्तर जानकर अपनी जिज्ञासा को शांत किया। दैनिक जागरण के इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य महिलाओं को सेहत से भरपूर जानकारी देना और बच्चों को खेलों के प्रति जागरूक करना है, जिससे उनका रूझान टीवी और मोबाइल से हटकर आउटडोर गेम्स के प्रति बढ़ सके।
'आओ खेल खेलें हम' में बच्चों बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। बच्चों ने मस्ती करते हुए कई उपहार जीते। वहीं महिलाओं ने 'आओ बात करें' कार्यक्रम मे सेहत संबंधी जानकारी प्राप्त कर रूटीन खानपान की जानकारी हासिल की।
खेल खेल में जीते इनाम
आओ खेल खेलें हम गतिविधि के अंतर्गत बच्चों ने कई रोचक गेम्स खेले और सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता में उत्साह से भाग लिया। इसमें धैर्य, रियांश, किआन, अक्ष, शगुन, कान्हा, परिषा, निकिता, नीतू गर्ग, सुरुची, शारिक अंसल और अगस्त्य ने खेलों में उत्साह से भाग लिया और ढेरों उपहार जीते।