UP Elections 2022: मेरठ में पुष्प वर्षा से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का स्वागत, देखें तस्वीरें
UP Vidhan Sabha Election 2022 सीएम योगी आज मेरठ के दौरे पर हैं। मेडिकल कालेज के निरीक्षण के बाद कंकरखेड़ा पहुंचे सीएम योगी का लोगों और कार्यकर्ताओं ने पुष्प वर्षा के साथ स्वागत किया। इस दौरान भाजपा के कई नेता मौजूद रहे।
मेरठ, जागरण संवाददाता। मेरठ में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का शुक्रवार को भाजपाई और स्थानीय लोगों ने भारी संख्या में पुष्प वर्षा के साथ स्वागत किया। मुख्यमंत्री को अंबेडकर गेट से लेकर मार्शल पिच तक एक किलोमीटर पैदल जन संपर्क करते हुए चलने का कार्यक्रम रखा था। मगर शुरुआत से ही भारी भीड़ होने के कारण मुख्यमंत्री गाड़ी से नहीं उतरे। मुख्यमंत्री का काफिला मार्शल पिच की ओर बढ़ रहा था।
सड़क पर ही गिर भी गए लोग
इस बीच भारी भीड़ काफिले के पीछे नारे लगाते और फूल बरसाते हुए दौड़ पड़ी। बीच-बीच में धक्का-मुक्की से महिलाएं और पुरुष सड़क पर भी गिर गए। रामनगर की गली नंबर एक में मुख्यमंत्री ने कई घरों में पर्चे बांटकर अभियान को आगे बढ़ाया। पूरे एक किलोमीटर तक मुख्यमंत्री के काफिले के पीछे भीड़ दौड़ी। सड़क के दोनों तरफ भाजपाई और स्थानीय लोगों ने भारी संख्या में पुष्प वर्षा की।
एक बार मुख्यमंत्री ने गाड़ी की खिड़की से बाहर आकर हाथ हिलाकर भीड़ का अभिवादन किया। उसके बाद वह गाड़ी में बैठ गए और मार्शल पिच के रास्ते से हाईवे 58 की और काफिला रवाना हो गया।