मेरठ में छत्तीसगढ़ सीएम के पिता बोले-किसानों को समृद्ध बनाये बगैर देश की तरक्की संभव नहीं
मेरठ पहुंचे छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के पिता नंद कुमार बघेल ने कहा कि छत्तीसगढ़ सरकार ने किसानों को मजबूत करने का काम किया है। वहां किसानों को 2500 रुपये न्यूनतम धान का समर्थन मूल्य और दो रुपये किलो गोबर का मिल रहा है।
मेरठ, जेएनएन। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के पिता और अखिल भारतीय कुर्मी किसान मजदूर महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नंद कुमार बघेल ने कहा कि किसानों को समृद्ध बनाये बगैर देश की तरक्की सम्भव नहीं है। किसानों की आय बढ़ाने की जरूरत है। फसल के दाम किसान को मिले। सरकारों को यह सुनिश्चित करने की जरूरत है।
किसानों को मजबूत करने का काम
वह बुधवार को मोहनपुरी में आयोजित कुर्मी समाज के एक सामाजिक कार्यक्रम में शामिल हुए। नंद कुमार बघेल ने कहा कि छत्तीसगढ़ सरकार ने किसानों को मजबूत करने का काम किया है। वहां किसानों को 2500 रुपये न्यूनतम धान का समर्थन मूल्य और दो रुपये किलो गोबर का मिल रहा है। उन्होंने कहा कि गोबर और गो मूत्र कलेक्शन सेंटर देश मे खोलने की जरूरत है। ताकि जैविक खेती को बढ़ावा मिल सके। गोबर और गो मूत्र का मिश्रण तैयार कर खेतों में छिड़काव करने से कृषि भूमि की उर्वरा शक्ति बढ़ेगी और किसान की आय भी। छत्तीसगढ़ सरकार इसी दिशा में आगे बढ़ रही है। देश के अन्य राज्यों को भी पशुपालकों से गोबर खरीदी योजना बनाने की जरूरत है।
यूपी-बिहार में फसल की रखवाली नहीं
बघेल ने कहा कि उत्तर प्रदेश और बिहार में फसल की रखवाली नहीं हो पाती। क्योंकि खेत मे तारबंदी नहीं है। जिससे किसानों की फसलें सुरक्षित नहीं हैं। उत्तर प्रदेश सरकार को इस पर ध्यान देने की जरूरत है। कृषि प्रधान देश में कृषि आधारित अर्थव्यवस्था पर सरकारों को काम करने की जरूरत है।
चीन से सावधान रहने की जरूरत
उन्होंने कहा कि वर्तमान में पड़ोसी देशों में हमें चीन से सावधान रहने की जरूरत है। इस बार जिस तरह दीपावली में लोगों ने स्वदेशी उत्पाद का प्रयोग किया है। इसी तरह असहयोग अभियान चलाकर चीन को कमजोर किया जा सकता है। नन्द कुमार बघेल ने वर्तमान राजनैतिक परिदृश्य पर कहा कि भारत के लोकतंत्र को बचाने की जरूरत है। इसके लिये जरूरी है कि पुरानी बैलेट पेपर की पद्धति से चुनाव हो। ईवीएम पर भरोसा नहीं किया जा सकता है।
मेरठ की यादें की साझा
86 वर्षीय नंद कुमार बघेल ने मेरठ की यादें ताजा करते हुए कहा कि एक बार किसान नेता महेंद्र सिंह टिकैत के समर्थन में छत्तीसगढ़ से 30-35 साथियों के साथ आये थे। मेरठ क्रांतिकारी धरा है। चौधरी चरण सिंह और महेंद्र सिंह टिकैत जैसे किसान नेता यहां हुए हैं। अब राकेश टिकैत किसानों के हक की लड़ाई लड़ रहे हैं।
राष्ट्रीय अधिवेशन का आमंत्रण देने निकले हैं
नंद कुमार बघेल ने कहा कि रायपुर छत्तीसगढ़ में तीन और चार मार्च को कुर्मी समाज का राष्ट्रीय अधिवेशन कर रहे हैं। नौ दिसम्बर को रायपुर में कार्यकारिणी की बैठक रखी है। इसी अधिवेशन का आमंत्रण समाज के लोगों को देने के लिए मेरठ आये हैं। समाज के साथ बैठ कर राजनैतिक, आर्थिक और शैक्षणिक सम्पन्नता लाने पर बात होगी। उन्होंने कहा कि इतिहास उसका है जो संघर्ष करता है। जो संघर्ष नहीं करेगा वह आगे नहीं बढ़ सकेगा। उन्होंने ने बताया कि मेरठ से गाजियाबाद, दिल्ली होते हुए अन्य जिलों में जाएंगे। कार्यक्रम में कुर्मी समाज की ओर से उनको बुद्ध प्रतिमा देकर और शाल उड़ाकर सम्मानित किया गया। इस दौरान कुर्मी समाज से मुनीश पटेल, अंकुर, आकाश, मोहनलाल वर्मा, मुरारीलाल समेत बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।