मुठभेड़ में घायल बदमाश का किया चालान..भेजा गया जेल
मोदीपुरम के दौराला में रविवार को थाना पुलिस और एसओजी टीम के साथ हुई मुठभेड़ में इनामी तीन शराब तस्करों को गोली लगी थी जिन्हें जिला अस्पताल भर्ती कराया गया था।
मेरठ, जेएनएन। मोदीपुरम के दौराला में रविवार को थाना पुलिस और एसओजी टीम के साथ हुई मुठभेड़ में इनामी तीन शराब तस्करों को गोली लगी थी, जिन्हें जिला अस्पताल भर्ती कराया गया था। सोमवार को उपचार के एक बदमाश को पुलिस ने कोर्ट में पेश कर जेल पहुंचाया। दो बदमाश अभी भर्ती हैं।
रविवार सुबह दौराला थाना पुलिस और एसओजी की टीम की बफावत गांव रोड पर सेंट्रो सवार इनामी तीन शराब तस्करों से मुठभेड़ हो गई थी। बदमाशों ने पुलिस पर फायर किया, जिसके जवाब में पुलिस की गोली लगने से तीनों बदमाश घायल हो गए थे। बदमाशों की पहचान बबलू उर्फ दिनेश निवासी इंदिरापुरी दौराला, अजय उर्फ जगन और विजय उर्फ कंपोस निवासी चिरौड़ी दौराला के रूप में हुई। सेंट्रो से दो कैन में 120 लीटर ईएनए, तमंचा और कारतूस बरामद हुए थे। घायल बदमाशों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया था। इंस्पेक्टर दौराला ब्रिजेश कुमार चौहान ने बताया कि सोमवार को उपचार के बाद पुलिस ने 25 हजार के इनामी बदमाश विजय उर्फ कंपोस को कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया। 25 हजार का इनामी अजय उर्फ जगन व 20 हजार का इनामी बबलू उर्फ दिनेश अभी जिला अस्पताल में भर्ती हैं।
नील गाय के शिकार का आरोपी गिरफ्तार : मुंडाली में दो दिन पूर्व अजराड़ा गांव के जंगल में शिकारियों द्वारा नील गाय के शिकार मामले में पुलिस ने एक आरोपित को गिरफ्तार कर उसका चालान कर दिया।
मुंडाली-अजराड़ा गांव के जंगल में दो दिन पूर्व शिकारियों ने नील गाय को जाल में फंसाकर उसका शिकार किया था। ग्रामीणों के पहुंचने पर शिकरी भाग खड़े हुए थे। इस मामले में वन दारोगा बिशंबर ने अज्ञात लोगों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कराया था। बाद में पुलिस ने जांच पड़ताल की तो पांच लोगों के नाम प्रकाश में आए। एसओ रविचंद्रवाल ने बताया कि पांच लोगों के नाम सामने आए है, जिनमें से पुलिस ने मुंडाली निवासी एक आरोपित राशिद पुत्र रफीक को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। बाकी चार अन्य लोग अभी फरार हैं। उन्हें पुलिस तलाश का रही है। जल्द ही गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा।