UP Board Exam Preparation: सिलेबस के बदलाव को ध्यान में रखकर तैयारी करें परीक्षार्थी Meerut News
UP Board Exam Preparation डीएन इंटर कॉलेज के भौतिक विज्ञान के शिक्षक युवराज शर्मा ने छात्रों को तैयारी के टिप्स दिए। भौतिक विज्ञान की परीक्षा 20 फरवरी को है।
मेरठ, जेएनएन। यूपी बोर्ड की परीक्षाएं 18 फरवरी से शुरू हो रही हैं। भौतिक विज्ञान की परीक्षा 20 फरवरी को है। परीक्षार्थियों के पास तैयारी के लिए करीब एक महीने का समय शेष है। शुरू में परीक्षा होने की वजह से छात्र-छात्रओं को इस पेपर की तैयारी के लिए वक्त देना चाहिए। छात्रों के मार्गदर्शन के लिए आज 12वीं भौतिक विज्ञान पेपर को लेकर जरूरी टिप्स दे रहे हैं डीएन इंटर कॉलेज में भौतिक विज्ञान के शिक्षक युवराज शर्मा।
भौतिक विज्ञान एक प्रश्नपत्र में आएगा। इस बार सिलेबस में थोड़ा परिवर्तन किया गया है। अंतिम यूनिट की संचार व्यवस्था को इस बार सिलेबस से बाहर किया गया है। इससे प्रश्न नहीं पूछे जाएंगे। इसी तरह से साइक्लोट्रोन टॉपिक भी सिलेबस में नहीं है। परीक्षार्थियों को सिलेबस में इन बदलाव को जरूर ध्यान में रखकर तैयारी करनी चाहिए।
हिस्सों में बांटकर करें तैयारी
भौतिक विज्ञान के प्रश्नपत्र में बड़े डेरिवेशन यानी सूत्रों के निगमन को दो से तीन हिस्सों में बांटकर हल करने की कोशिश करें। इससे तैयारी में भी आसानी होती है। कोई हिस्सा छूटता भी नहीं है।
कोई भी टॉपिक न छोड़ें
कुछ चैप्टर में सेकेंड पार्ट के न्यूमेरिकल से फस्र्ट पार्ट के न्यूमेरिकल आसान होते हैं। उनकी तैयारी अच्छे से करें। प्रश्नपत्र एक होने से हर चैप्टर महत्वपूर्ण है। हर चैप्टर से प्रश्न पूछे जाएंगे। इसलिए सभी टॉपिक को ध्यान में रखकर तैयारी करें। अपने आत्मविश्वास को बनाए रखें।
तीन घंटे में पेपर हल करने की प्रैक्टिस करें
भौतिक विज्ञान में एक प्रश्नपत्र होने की वजह से थ्योरी वाले प्रश्नों की संख्या बढ़ गई है। न्यूमेरिकल कम हो गए हैं। इसलिए पेपर हल करते समय टाइम मैनेजमेंट का विशेष ध्यान रखें। इसके लिए सबसे आसान तरीका यह है कि छात्र नए पैटर्न वाले सैंपल पेपर लेकर उसे तीन घंटे में हल करके जरूर देखें। पिछले साल बहुत से छात्र परीक्षा में सभी प्रश्नों को नहीं कर पाए थे। इसलिए प्रैक्टिस जरूर करें।
चित्र जरूर बनाएं
प्रकाश के प्रश्न, डेरिवेशन आदि के विषय में जो प्रश्न पूछा जाता है, उसमें चित्र जरूर बनाएं। तभी पूरे अंक मिलते हैं।
टू द प्वाइंट उत्तर लिखें
इस बात पर विशेष ध्यान दें। भौतिक विज्ञान में हर प्रश्न के अंक तय हैं। इसके हिसाब से ही उत्तर देना चाहिए। एक और दो नंबर के प्रश्नों का उत्तर टू द प्वाइंट लिखें। अनावश्यक लिखने से बचें। जितना पूछा गया है, उतना ही लिखें।
विकल्प का चयन करें
भौतिक विज्ञान में अंतिम प्रश्न दीर्घ उत्तरीय पूछे जाते हैं। सभी प्रश्न पांच नंबर के होते हैं। इसमें छात्रों के पास विकल्प चुनने की आजादी रहती है। छात्रों को इसमें सबसे बेहतर तरीके से जानने वाले प्रश्नों का चुनाव कर उसका उत्तर लिखने का प्रयास करना चाहिए।
न्यूमेरिकल पर ध्यान दें
भौतिक विज्ञान में न्यूमेरिकल के सवाल भी पूछे जाते हैं। न्यूमेरिकल करने के बाद उसका कैलकुलेशन दोबारा चेक करें। भौतिक विज्ञान में अगर प्रॉपर प्लानिंग और टाइम मैनेजमेंट से प्रश्नों का उत्तर दें तो इसमें 70 में से 70 नंबर भी पाए जा सकते हैं।