Bulandshahar Coronavirus News Update: बुलंदशहर में कोरोना के 51 पॉजिटिव मरीज मिले, 28 मरीज डिस्चार्ज
बुलंदशहर में सोमवार को 51 पॉजिटिव केस मिले। साथ ही 28 मरीजों को कोरोना मुक्त होने पर डिस्चार्ज किया गया। यहां कोरोना संक्रमितों की संख्या 2997 हो गई।
बुलंदशहर, जेएनएन। कोरोना की चेन बढ़ते-बढ़ते तीन हजार के करीब पहुंच गई है। सोमवार को जिले में 51 पॉजिटिव केस मिले। साथ ही 28 मरीजों को कोरोना मुक्त होने पर डिस्चार्ज किया गया। वर्तमान में कोविड हॉस्पिटल और होम क्वारंटाइन में 553 एक्टिव मरीज इलाज ले रहे हैं।स्वास्थ्य अधिकारियों के मुताबिक सोमवार को 1400 लोगों की जांच हुई। इसमें 51 नए मरीज सामने आए। नए मिले मरीजों में तीन मरीज स्याना, पांच मरीज जहांगीराबाद, 11 मरीज डिबाई, दो मरीज अनूपशहर, एक मरीज गुलावठी, सात मरीज शिकारपुर, दो मरीज सिकन्दराबाद, तीन मरीज खुर्जा, एक मरीज दानपुर में मिला। साथ ही बुलंदशहर शहरी क्षेत्र और आसपास में 16 मरीज मिले हैं। जिले में अब कोरोना संक्रमितों की संख्या 2997 हो गई है। इसमें 2394 मरीज ठीक हो चुके हैं और 553 एक्टिव मरीजों का इलाज चल रहा है। जिले में अब तक कोरोना से 50 लोगों की मौत हुई है। लगातार तेजी से बढ़ रहे मरीजों को लेकर स्वास्थ्य अधिकारी भी परेशान हैं। जिला सर्विलांस अधिकारी डा. रोहताश यादव का कहना है कि अनलॉक में लोग बाहर निकल रहे हैं तो संक्रमण फैल रहा है। साथ ही जांच का दायरा भी बढ़ रहा है। जहां नये मरीज मिले हैं उन क्षेत्रों को हॉट स्पाट घोषित कर सैनिटाइज किया जा रहा है। लोगों की लापरवाही के चलते कोरोना की चेन बढ़ रही है। लोग भीड़ में जा रहे हैं। बिना मास्क के ही लोग निकल रहे हैं। बाजारों में शारीरिक दूरी का नियम भी टूट रहा है।