ब्राह्मण समाज ने दी धर्म परिवर्तन की चेतावनी
चोटी काटने के प्रयास के प्रकरण में कार्रवाई नहीं होने पर ब्राह्मण समाज ने धर्म परिवर्तन की चेतावनी दी।
मेरठ, जेएनएन। चोटी काटने के प्रयास के प्रकरण में कार्रवाई नहीं होने पर ब्राह्मण समाज ने धर्म परिवर्तन की चेतावनी दी। उनका कहना था कि करीब एक महीना बीत जाने के बावजूद आरोपितों की गिरफ्तारी नहीं हुई है। वे लगातार समझौते का दबाव बना रहे हैं। पुलिस ने उल्टा उन पर ही एससी/एसटी एक्ट का मुकदमा दर्ज कर दिया। उनका शहर में रहना दूभर हो गया है।
ब्रह्मापुरी थाना क्षेत्र के सेक्टर-2 में धर्मानंद भट्ट स्वजन के साथ रहते हैं। धर्मानंद भट्ट की नवीन मंडी में सब्जी की आढ़त है। उनके पड़ोस में भगवतपुरा निवासी नवनीत वाल्मीकि मकान का निर्माण करा रहा था। बीते 13 दिसंबर को धर्मानंद भट्ट के बेटे मनोज भट्ट की स्कूटी नवनीत के निर्माणाधीन मकान के गेट से टकरा गई थी। दोनों में कहासुनी और मारपीट हो गई थी। आरोप था कि नवनीत, रोहित, सुमित और एस्सार पेट्रोल पंप के मालिक अवनीश गोयल ने मिलकर पिता-पुत्र की पिटाई कर दी थी। इसी बीच उन्होंने मनोज की चोटी काटने का भी प्रयास किया था। इसकी वीडियो सोशल मीडिया पर भी वायरल हुई थी। धर्मानंद की तहरीर पर पुलिस ने चारों आरोपितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया था। धर्मानंद के बड़े बेटे दीपक भट्ट ने बताया कि पुलिस ने आरोपितों के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की है। उनके छोटे भाई के सिर में गंभीर चोटें आई हैं। ब्रह्मापुरी पुलिस ने नवनीत की तहरीर पर उनके खिलाफ ही एससी-एसटी एक्ट का मुकदमा दर्ज कर दिया है। रविवार को उन्होंने सांसद राजेंद्र अग्रवाल के आवास पर पहुंचकर धर्म परिवर्तन की चेतावनी दी है।