मेरठ में पांच दिन से लापता तीन साल के बच्चे का शव नाले में मिला, स्वजन बोले-हत्या हुई
लिसाड़ी गेट थाना क्षेत्र के समर गार्डन साठ फुटा रोड निवासी राजू फतेहउल्लापुर रोड पर गोल गप्पो का ठेला लगाते हैं। नौ तारीख की रात आठ बजे वह सामान लेने के लिए पैदल ही जा रहे थे। बेटा उनके पीछे चल रहा था और उसके बाद से गायब था।
मेरठ, जागरण संवाददाता। मेरठ में पांच दिन से लापता बच्चे का शव नाले में मिलने से सनसनी फैल गई। बारिश में सड़क पर खेल रहे बच्चों ने शव को देखकर शोर मचा दिया था। सूचना पर पुलिस और स्वजन भी पहुंच गए थे। पोस्टमार्टम के लिए शव को मर्चरी भेज दिया। वहीं, स्वजन ने हत्या की भी आशंका जाहिर की है।
गुमशुदगी दर्ज कराई थी
लिसाड़ी गेट थाना क्षेत्र के समर गार्डन साठ फुटा रोड निवासी राजू उर्फ जैकी (मूल निवासी झांसी, गांव संपत समथला) फतेहउल्लापुर रोड पर गोल गप्पो का ठेला लगाते हैं। नौ तारीख की रात आठ बजे वह सामान लेने के लिए पैदल ही जा रहे थे। पीछे-पीछे तीन साल का बेटा अयान और चार साल की बेटी आलिया भी चल रहे थे। उन्होंने जब बच्चों को पीछे आते देखा तो घर जाने के लिए बोल दिया था। सामान लेकर जब वह घर लौटे तो बेटा नहीं था। अनहोनी की आशंका को देखते हुए रातभर बच्चे की तलाश की। सुबह तक नहीं मिलने पर थाने में गुमशुदगी दर्ज करा दी थी। पुलिस के साथ स्वजन भी लगातार बच्चे की तलाश में लगे हुए थे, लेकिन उसका कहीं पता नहीं चल रहा था।
शव देखकर बच्चों ने मचाया शोर
बुधवार दिन भर हुई तेज बारिश के बाद फतेहउल्लापुर रोड स्थित हरि मस्जिद के पास वाले नाले में एक बच्चे का शव ऊपर आ गया। पास में ही मोहल्ले के बच्चे बारिश में खेल रहे थे। शव देखकर उन्होंने शोर मचा दिया, जिस पर आसपास के लोग एकत्र हो गए। सूचना पर पुलिस और स्वजन भी पहुंच गए थे। उन्होंने शव की शिनाख्त अपने बच्चे के रूप में की। इसके बाद वह शव को घर ले गए थे, लेकिन पुलिस ने उसे पोस्टमार्टम के लिए मर्चरी भेज दिया था।
महिला लेकर जा रही थी बच्चे को
पिता ने बताया कि रातभर बच्चे को तलाश करने के बाद सुबह उन्होंने गुमशुदगी भी दर्ज करा दी थी। इसके उन्होंने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज चेक की तो उसमें एक महिला बच्चे को ले जाते हुए दिखाई दे रही थी। इसकी जानकारी भी उन्होंने पुलिस को दे दी थी, लेकिन आज तक उस महिला के बारे में पता नहीं चला है। इसलिए अब स्वजन हत्या की भी आशंका जता रहे हैं। थाना प्रभारी रामसंजीवन ने बताया कि बच्चे की गुमशुदगी दर्ज है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भी भेज दिया है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
बेटा गुड्डा मांग रहा था, उसे दे ना सका
राजू ने बताया कि कुछ दिन पहले ही बेटा खेलने के लिए गुड्डा मांग रहा था। उकसा 12 तारीख को जन्मदिन था। उन्होंने जन्मदिन वाले दिन गुड्डा लाने के लिए कहा था। इस पर बच्चा भी काफी खुश था। रोते हुए उन्होंने कहा कि वह नहीं जानते थे कि बच्चे को गुड्डा भी नहीं दे सकेंगे। उन्होंने बताया कि बच्चे की तलाश में उसकी मां कुरैशा गांव गई हुई है। बच्चे के बारे में उसे कैसे बताएं, यह सोच-सोच कर दिल बैठा जा रहा है। वह बेटे से बहुत प्यार करती थी। बुरी खबर सुनते ही उसे कुछ हो ना जाए। संभालने के लिए भी कोई पास नहीं है।
एक साल पहले भी मिला था शव
बच्चे का शव मिलने के बाद मौजूद लोगों ने बताया कि करीब एक साल पहले अहमद नगर निवासी एक साल के बच्चे का भी रिश्तेदार ने अपहरण कर लिया था। इसके बाद उसकी हत्या कर शव को पास के ही नाले में फेंक दिया था। आठ दिन बाद शव नाले से मिला था। पुलिस ने आरोपित को जेल भेज दिया था। वहीं, पांच साल पहले इस्लामाबाद से भी एक बच्चे का अपहरण कर लिया गया था। उसकी बरेली में ले जाकर हत्या कर दी गई थी। जानकारी पर गुस्साए स्वजन ने आरोपित के घर में तोडफ़ोड़ करते हुए आग लगाने का भी प्रयास किया था। काफी हंगामा हुआ था। पुलिस ने आरोपित को पकड़ लिया था।