बागपत में घर से इस हाल में मिला महिला का शव, बेटा-बोला रिश्तेदार कर रहे थे उत्पीड़न Baghpat News
बागपत जिले के रमाला में कंडेरा गांव में शनिवार को एक महिला का शव उसके ही घर में पड़ा मिला। महिला के मुंह से झाग निकल रहे थे। महिला के बेटे ने रिश्तेदारों के खिलाफ थाने में तहरीर देकर मुकदमा दर्ज करने की मांग की है।
बागपत, जेएनएन। बागपत जिले के रमाला में कंडेरा गांव में शनिवार को एक महिला का शव उसके ही घर में पड़ा मिला। महिला के मुंह से झाग निकल रहे थे। महिला के बेटे ने अपनी चाची, चाचा और दादी के खिलाफ थाने में तहरीर देकर मां की हत्या का आरोप लगाते हुए मुकदमा दर्ज करने की मांग की है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेज दिया। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम आने के बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी।
लंबे समय से कर रहे थे उत्पीड़न
बागपत कोतवाली क्षेत्र के लधवाड़ी गांव निवासी लगभग 43 वर्षीय राजबीरी की शादी 20 साल पहले कंडेरा गांव में रविंद्र के साथ हुई थी। लगभग सात साल पहले रविंद्र की हत्या कर दी गई थी। राजबीरी के तीन बेटी व एक बेटा है। तीनों बेटियों की शादी हो चुकी है। शनिवार की सुबह राजबीरी का शव उसी के घर में पड़ा मिला। राजबीरी के बेटे सुमित ने बताया कि उसकी मां के मुंह से झाग आ रहे थे। उसकी मां का उसकी चाची, चाचा और दादी काफी समय से उत्पीड़न कर रहे थे। सुमित ने चाचा, चाची और दादी पर अपनी मां को जहर देकर हत्या का आरोप लगाते हुए मुकदमा दर्ज करने की मांग की है।
आरोप लगाते हुए दी तहरीर
सूचना पर पुलिस ने महिला के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। कार्यवाहक एसओ रणधीर सिंह का कहना है कि महिला का शव उसी के घर से बरामद किया है। महिला के बेटे ने चाची, चाचा और दादी पर मां की हत्या का आरोप लगाते हुए तहरीर दी है। पोस्टमार्टम के बाद ही स्पष्ट होगा कि राजबीरी ने आत्महत्या की है या उसकी हत्या की गई है।
राजबीरी के पिता बोले, कार्रवाई होनी चाहिए
महिला राजबीरी के पिता अतर सिह ने बताया कि उनके दामाद के मरने के बाद से ही उनकी बेटी राजबीरी को उसकी सास, देवर, व देवरानी उसे परेशान कर रहे थे। उसे घर चलाने तक का खर्चा नहीं दिया जाता था। इन्हीं तीनों ने उसकी बेटी को जहर देकर मार डाला। तीनों के खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए।