मेरठ में छह फरवरी को नौ स्थानों पर BKU का चक्का जाम, इन मार्गों पर होगा रूट डायवर्जन
कृषि कानूनों के विरोध में दिल्ली में चल रहे आंदोलन में किसान संगठनों ने छह फरवरी को भारत बंद का एलान किया है। इसी के अंतर्गत छह फरवरी शनिवार को मेरठ जिले में भारतीय किसान यूनियन चक्का जाम करेगी। इस वजह से प्रशासन ने रूट डायवर्जने की तैयारी की है।
मेरठ, जेएनएन। कृषि कानूनों के विरोध में दिल्ली में चल रहे आंदोलन में किसान संगठनों ने छह फरवरी को भारत बंद का एलान किया है। इसी के अंतर्गत छह फरवरी शनिवार को मेरठ जिले में भारतीय किसान यूनियन चक्का जाम करेगी। भारतीय किसान यूनियन ने बुधवार को मेरठ-करनाल मार्ग स्थित जंगेठी में सत्यवीर के फार्म हाउस पर बैठक की। जिसमें चक्का जाम की रणनीति तैयार की गई। वहीं, बुधवार को मेरठ जिले से दो हजार किसानों के लिए राशन सामग्री व व दौराला से पांच कुंतल दूध की खीर गाजीपुर बार्डर भेजी गई।
दोपहर तीन घंटे के लिए करेंगे चक्का जाम
जिलाध्यक्ष मनोज त्यागी ईकडी ने बताया कि शनिवार को जिले के मुख्य राजमार्गों पर नौ मुख्य स्थानों पर दोपहर 12 से तीन बजे तक चक्का जाम किया जाएगा। बताया कि नौ प्रमुख स्थानों पर भाकियू पदाधिकारी, कार्यकर्ता व किसान चक्का जाम करेंगे। इसमें रिठाली, दौराला, मवाना खुर्द, जानी, परतापुर, दबथुवा, जंगेठी, जटौली व नानू शामिल हैं। उन्होंने कहा कि इसके अलावा जो किसान कृषि कानूनों के समर्थन में नहीं है, वह भी जिले के किसी मार्ग पर आंदोलन में हिस्सा लेकर चक्का जाम में शामिल हो सकते हैं।
मेरठ-करनाल राष्ट्रीय राजमार्ग पर तीन स्थानों पर चक्का जाम रहेगा। नानू गंगनहर पर जिलाध्यक्ष स्वयं कार्यकर्ताओं के साथ मौजूद रहेंगे। रिठाली में मोहित तालियान व निक्की, दौराला में संगठन मंत्री मिंटू अहलावत, मवाना खुर्द में शोसिंह प्रधान, जानी में हरेंद्र, परतापुर में दीपक, मदन, वीरपाल घोपला, जंगेठी में सत्यवीर व जटौली में बबलू और विनोद चक्का जाम की कमान संभालेंगे।