मेरठ में भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष का बड़ा बयान, बोले -2022 के चुनाव में विपक्ष होगा चित, भाजपा की बनेगी सरकार
यूपी भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष अरविंद शर्मा का सिवाया टोल प्लाजा पर भाजपा नेताओं ने फूल माला पहनाकर जोरदार स्वागत किया। सोमवार को प्रदेश उपाध्यक्ष दिल्ली से हरिद्वार जा रहे थे। जहां कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि 2022 के विधानसभा चुनाव में विपक्ष चित हो जाएगा।
मेरठ, जेएनएन। उत्तर प्रदेश भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष अरविंद शर्मा का सिवाया टोल प्लाजा पर भाजपा नेताओं ने फूल माला पहनाकर जोरदार स्वागत किया। सोमवार को प्रदेश उपाध्यक्ष दिल्ली से हरिद्वार जा रहे थे। जहां कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि आने वाले 2022 के विधानसभा चुनाव में सारा विपक्ष चित हो जाएगा। 350 सीटों से अधिक पाकर भाजपा की सरकार बनेगी। योगी सरकार ने जो प्रदेश में विकास कार्य किए हैं, उसका लाभ जन-जन तक पहुंचा है।
सिवाया टोल प्लाजा पर हुआ सम्मान
सिवाया टोल प्लाजा पर प्रदेश उपाध्यक्ष अरविंद शर्मा के काफिले को रोककर भाजपा नेता मनिंदर विहान, गौरव चौहान, पूर्व जिला पंचायत सदस्य ललित चौहान समेत दर्जनों कार्यकर्ताओं ने प्रदेश उपाध्यक्ष का स्वागत को फूल माला पहनाई, साथ ही भगवान गणेश जी की मूर्ति देकर स्वागत किया गया। कार्यकर्ताओं से प्रदेश उपाध्यक्ष ने कहा कि वह विधानसभा चुनाव की तैयारियों में जुट जाए। प्रत्येक वोटर तक कार्यकर्ता पहुंचे। योगी सरकार की योजनाओं और भाजपा संगठन की नीतियों के बारे में प्रत्येक वोटर को बताएं। साथ ही योगी सरकार के आने पर जिस तरह से प्रदेश से गुंडाराज व माफिया राज समाप्त हुआ है, उससे कानून का राज स्थापित हुआ है।
इसके अलावा सरकार की योजनाएं जमीनी स्तर तक पहुंची है। इन सभी के विषय में जन-जन को बताएं। आने वाले विधानसभा चुनाव में विपक्ष बेशक एक मंच पर खड़ा हो जाए, मगर वह चुनाव के रिजल्ट आने पर चित हो जाएगा। 350 से अधिक सीटें पाकर भाजपा दोबारा से सरकार बनाएगी। प्रदेश की जनता भी समझ चुकी है कि अब प्रदेश का विकास सिर्फ भाजपा सरकार ही कर सकती है। इस दौरान रोबिन प्रताप, रविंद्र चेयरमैन, नवीन शर्मा चेयरमैन, मुदित शर्मा व रवि चौधरी आदि थे।