Encounter: मेरठ में गोकशों की आई शामत, चार मुठभेड़ में छह तस्करों को लगी गोली Meerut News
शनिवार की रात गोवंश तस्करों के खिलाफ अभियान चलाकर पुलिस ने ताबड़तोड़ चार थाना क्षेत्रों में मुठभेड़ की जिसमें छह गोतस्करों के पैर में गोली लगने से घायल हो गए।
मेरठ, जेएनएन। शनिवार की रात गोवंश तस्करों के खिलाफ अभियान चलाकर पुलिस ने ताबड़तोड़ चार थाना क्षेत्रों में मुठभेड़ की, जिसमें छह गोतस्करों के पैर में गोली लगने से घायल हो गए। सभी पर कप्तान की तरफ से 25-25 हजार का इनाम था। शनिवार की रात सीओ कोतवाली दिनेश शुक्ला और इंस्पेक्टर प्रशांत कपिल ने गोतस्करों की धरपकड़ को चलाए अभियान में दबिश दी। इसी बीच समर गार्डन के समीप पुलिस को कुछ लोग आते दिखाई दिए, जिन्हें रोका गया तो उन्होंने पुलिस पर फायरिंग कर दी।
जवाबी फायरिंग में पुलिस की गोली से फुरकान उर्फ शेख चिल्ली निवासी सिवालखास जानी, अशफाक उर्फ नवाब निवासी उमर गार्डन, अनस उर्फ प्यारे निवासी लक्खीपुरा घायल हो गए। फुरकान जानी थाने से वांछित था। सभी गोवंश तस्करी का काम करते है। उनके खिलाफ जनपद के विभिन्न थानों में मुकदमे दर्ज है। पुलिस ने तीन तमंचे और सात जिदा कारतूस बरामद किए।
इसी तरह से सरधना थाना क्षेत्र में पुलिस अभियान के दौरान सलावा के जंगल में चेकिंग कर रही थी। तभी दौराला के कैली गांव निवासी गोतस्कर इमरान आया। पुलिस के रोकने पर फायर कर दी। जवाबी फायरिंग में इमरान के पैर में गोली लग गई। तीसरी मुठभेड़ फलावदा में हुई। जवाबी फायङ्क्षरग में आरोपित मतीन के दाहिने पैर में गोली लग गई, जबिक दूसरा साथी वसीम निवासी महलका भाग गया। चौथी मुठभेड़ भावनपुर में हुई।
थाना क्षेत्र के लू बक्सर गांव निवासी मूलचंद शर्मा ने बताया कि गोवंश घर के बाहर बंधा था। देर रात किसी समय तस्कर ले गए। पुलिस ने फुरकान, सदाकत, सरफराज, रहीश निवाीस नंगला साहू थाना भावनपुर और टुर्री व इमरान निवासी कायस्थ बड्ढा थाना किठौर के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की। चेकिंग के दौरान एत्मादपुर जेई की पुलिया पर पहुंची पुलिस पर तस्करों ने फायिरंग कर दी। जवाबी फायरिंग में फुरकान के पैर में गोली लग गई, जबकि साथी सदाकत फरार हो गया।
इनका कहना है
गोतस्करों के खिलाफ चलाए अभियान में चार मुठभेड़ के दौरान छह तस्करों के पैर में गोली लगी है। सभी को अस्पताल में भर्ती करा दिया है। इनके फरार साथियों की तलाश में पुलिस देर रात कांबिंग कर रही है।
- अजय साहनी, एसएसपी