बागपत का भरत हत्याकांड : मुख्य आरोपित का भी हो गया था मर्डर, अब हुई शिनाख्त ,पुलिस कराएगी DNA टेस्ट
बागपत के रमाला में बीती 26 जनवरी को कंडेरा गांव में भरत पुत्र विनोद की उसी की निर्माणधीन डेरी पर गोलियों से भूनकर हत्या कर दी गई थी। भरत के पिता विनोद ने अज्ञात हत्यारोपितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था। आरोपित का भी मर्डर हो गया है।
बागपत, जेएनएन। बागपत जिले के रमाला में बीती 26 जनवरी की रात कंडेरा गांव में भरत पुत्र विनोद की उसी की निर्माणधीन डेरी पर गोलियों से भूनकर हत्या कर दी गई थी। भरत के पिता विनोद ने अज्ञात हत्यारोपितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था। घटना के राजफाश की मांग को लेकर मामला आइजी व डीआइजी तक पहुंचा था। घटना के लगभग दो माह बाद पुलिस ने गांव के ही आरोपित छोटू को गिरफ्तार कर घटना का राजफाश कर दिया था जबकि मुख्य आरोपित अवतार पुत्र देवेंद्र निवासी कंडेरा गांव को फरार दिखाया था। भरत के स्वजन राजफाश से संतुष्ट नही थे।
शव को गन्ने के खेत में फेंका था
गांव में तभी से चर्चा थी कि मुख्य आरोपित अवतार की भी हत्या कर दी गई है। लेकिन पुलिस ने अवतार की तलाश करना मुनासिब नहीं समझा। अब पिछले तीन दिन से अवतार की हत्या के फोटो इंटरनेट मीडिया पर वायरल हो रहे हैं। उसकी हत्या कर शव को एलम, शामली बाइपास के निकट गन्ने के खेत में फेंक दिया था। चार फरवरी को कांधला पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर उसका पोस्टमार्टम कराया था। अवतार के पिता देवेंद्र ने कपड़े व फोटो के आधार पर शव की शिनाख्त अपने बेटे अवतार के रूप में की। लेकिन रमाला पुलिस अब भी अवतार की हत्या मानने को तैयार नही है। वह उसका डीएनए टेस्ट कराने की तैयारी कर रही है।
असली पहचान जरूरी
उधर, भरत के पिता विनोद का कहना है कि यदि मुख्य आरोपित की भी हत्या हो गई तो इन दोनों घटनाओं के पीछे कौन है, पुलिस को उसकी तलाश करनी चाहिए। तभी असली कातिल का पता चल पाएगा। यानी फिर दोनों हत्याओं का मास्टर माइंड कोई और ही है। इंस्पेक्टर रवेंद्र का कहना है कि शामली जनपद में जो शव मिला था अवतार के पिता देवेंद्र ने उसकी शिनाख्त अपने बेटे अवतार के रूप में की है, लेकिन इस मामले में डीएनए कराया जाएगा, तभी असल पता चल पाएगा कि शामली में मिला शव अवतार का है या किसी दूसरे का।